गुरुवार, 2 फ़रवरी 2012

राजीव भरोल और अंकित सफर से आज सुनते हैं दो सुंदर ग़ज़लें - ज़िन्दगी की शाख पे फिर फूल बन के लौट आ, रंग ख़ाबों का सुनहरी है अभी तक गाँव में.

सुकवि रमेश हठीला स्‍मृति तरही मुशायरा

16-20

इक पुराना पेड़ बाकी है अभी तक गाँव में.
कुछ पुराने पेड़ बाकी हैं अभी तक गाँव में.

कल कुछ व्‍यस्‍तता हो गई थी सो उस कारण कल का अंक आज लग रहा है । कल यूके के भारतीय मूल के साहित्‍यकार श्री तेजेन्‍द्र शर्मा सीहोर के प्रवास पर आये थे । उनके सम्‍मान में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था । सो उसके कारण व्‍यस्‍तता हो गई थी । श्री तेजेन्‍द्र शर्मा के साथ पुश्किन सम्‍मान से सम्‍मानित कहानीकार श्री हरी भटनागर भी थे । करीब एक घंटे का कार्यक्रम हुआ जिसमें तेजेन्‍द्र जी ने अपनी वक्‍तव्‍य कला  से सबको बांध दिया । विस्‍तृत रपट शिवना प्रकाशन के ब्‍लाग और फेस बुक पर होगी । आज तरही का सिलसिला आगे बढ़ाते हैं और दो युवा किन्‍तु सशक्‍त रचनाकारों से उनकी रचनाएं सुनते हैं । दोनों अपने तरीके से बहुत प्रभावी ग़ज़लें इन दिनों कह रहे हैं । तो आइये सुनते हैं राजीव भरोल और अंकित सफर को ।

rbharol2

राजीव भरोल

राजीव की ग़ज़लें हर बार कुछ नया दे जाती हैं । कुछ प्रयोग बहुत सुंदर तरीके से किये जाते हैं । राजीव ने जिस प्रकार से बहर पर पकड़ हासिल की है उससे कई बार हैरानी होती है । राजीव के उदाहरण से ये बात सिद्ध होती है कि बहरों का गणित उतना उलझा नहीं है जितना इसके बारे में प्रचार किया जाता है । तो आइये सुनते हैं ये ग़ज़ल

lonely_tree_widescreen

मेरे बचपन की निशानी है अभी तक गाँव में
इक पुराना पेड़ बाकी है अभी तक गाँव में

इसके एहसासों में अब भी हैं पुरानी खुशबुएँ
आँगन आँगन रातरानी है अभी तक गाँव में

शहर में मेरा बड़ा सा घर है, सब सुविधाएँ हैं
फिर भी अम्मा है कि रहती है अभी तक गाँव में

गाँव के जीवन में थोड़ी मुश्किलें भी हैं तो क्या
रंग ख़ाबों का सुनहरी है अभी तक गाँव में

है यहाँ हासिल सभी को अपने हिस्से की खुशी
सब घरों तक धूप आती है अभी तक गाँव में

दर ब दर हूँ मैं मगर बेघर नहीं हूँ दोस्तो
मेरे पुरखों की हवेली है अभी तक गाँव में

बात अंतिम शेर से ही की जाये । बात हो तो वही पुरखों की हवेली की है किन्‍तु मिसरा उला ने जो बात कही है वो शेर को बहुत भारी कर गई है । तिलक जी ने जिस तुलनात्‍मकता की बात कही थी उस पर पूरा उतरता है ये शेर । और फिर सबके हिस्‍से की धूप में भी बहुत सुंदर तरीके से सा जिसको कहा जाये कि सलीक़े से अपनी बात को कह दिया गया है । आंगन आंगन में संयुक्‍त अक्षर का खूबसूरत प्रयोग है । और अम्‍मा के रहने की बात ने नानी की याद दिला दी, जो चार मामाओं के भोपाल शिफ्ट होने के बाद भी गांव में ही रहती हैं । वाह वाह वाह सुंदर ग़ज़ल ।

ankitsafar

अंकित सफर

अंकित को जितना मैं डांटता हूं उतना शायद किसी को नहीं डांटता । विवेकानंद ने कहा है कि शिल्‍पकार उस शिला पर सबसे ज्‍यादा प्रहार करता है जो प्रतिमा बनने की सबसे अधिक संभावनाएं लिये होती है । अंकित में बहुत प्रतिभा है लेकिन बस उसे छांव से निकल कर आना होगा । किसी के जैसा लिखने से लाख गुना अच्‍छा है अपने जैसा लिखना । ''हमें स्‍वयं ही नहीं पता होता कि हम कब अपने आदर्श का अनुसरण करने लगते हैं ।'' दुनिया में जितने भी महान लेखक हुए हैं उनका कोई आदर्श नहीं था । वे ही दूसरों के आदर्श बने । साहित्‍य में फोटोकॉपी नहीं चलती । आइये सुनते हैं अंकित की ये ग़ज़ल । 

lonely-tree-in-namibian-desert

घर की मुखिया बूढी लाठी है अभी तक गाँव में
तजरुबों की क़द्र बाकी है अभी तक गाँव में

सरपरस्ती में बुजुर्गों की सलाहें हैं छिपी
राय, मुद्दों पर सयानी है अभी तक गाँव में

खेत की उथली सी पगडण्डी को थामे चल रही
बैलगाड़ी की सवारी है अभी तक गाँव में

दिन ढले चौपाल पर यारों की नुक्कड़, बैठ कर
रात के परदे गिराती है अभी तक गाँव में

क्या मुहब्बत भी किसी फरमान की मोहताज है?
फैसले ये 'खाप' देती है अभी तक गाँव में

शहर में कब तक जियेगा यूँ दिहाड़ी ज़िन्दगी!
लौट जा घर, दाल-रोटी है अभी तक गाँव में

फूल की खुश्बू ने लांघे दायरे हैं गाँव के
पर बगीचे का वो माली है अभी तक गाँव में

मेरे बचपन की कई यादों के दस्तावेज़ सा
"इक पुराना पेड़ बाकी है अभी तक गाँव में."

आ चलें फिर गाँव को, रिश्तों का लेने ज़ायका
एक चूल्हा, एक थाली है अभी तक गाँव में

हठीला जी को समर्पित शेर,
ज़िन्दगी की शाख पे फिर फूल बन के लौट आ
तेरे जाने की उदासी है अभी तक गाँव में

रोंगटे खड़े कर देने वाली उदासी है हठीला जी को समर्पित शेर में । मिसरा उला तो मानो जीकर लिखा गया है । और मिसरा सानी उफ-उफ । कितना कुछ कह रहा है ये एक मिसरा । जिंदगी की शाख पर फिर फूल बन कर लौट आ, अहा क्‍या कहा गया है । और फिर वो शेर लौट जा घर का भाव लिये । दाल रोटी को क्‍या खूब काफिये में गूंथा है । गिरह के शेर में दस्‍तावेज़ का प्रयोग भी खूब बन पड़ा है । और हौले हौले चल रही बैलगाड़ी को लेकर कहा गया शेर मानो बैलगाड़ी की सवारी ही करवा रहा है । वाह वाह वाह खूब कहा है ।

तो आनंद लीजिये दोनों सुंदर ग़ज़लों का और देते रहिये दाद । अगले अंक में मिलते हैं कुछ और रचनाकारों से ।

परिवार