पाँच दिवसीय प्रकाश पर्व का आज पाँचवाँ और अंतिम दिन है। इस दिन को हमारे अंचल में भाई दूज कहा जाता है। बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक करती हैं। असल में तीनों बड़े त्योहारों में बेटियों के ससुराल से वापस मायके आने की व्यवस्था की गयी थी। होली के दो दिन बाद भाई दूज, रक्षा बंधन और फिर दीपावली के दो दिन बाद भाई दूज। दीपावली के बाद के दो दिनों को बासी दीपावली मनाने की परंपरा है। आज भी हम बासी दीपावली मना रहे हैं।
चपल रहे विकल रहे विह्वल रहे मचल रहे,
कली खिली गुलाब की भ्रमर के दल निकल रहे.
मृदुल रहे विमल रहे अचल रहे सरल रहे,
कठिन समय के मध्य व्यक्ति ऐसे ही सफल रहे.
पढ़े बिना कहे बिना सुने बिना उबल रहे,
विनाश की ही राह पर रुके बिना वो चल रहे.
बस आख़री विकल्प जैसे है सभी के हाथ में,
सड़क पे आ के तोड़-फोड़ आग यूँ उगल रहे.
मिसाल लोग देते हैं उन्हीं की तो समाज में,
बदल के ख़ुद को पहले दूसरों को जो बदल रहे.
अनल गरल इधर उधर उथल पुथल यहाँ वहाँ,
ये जल ये तल वसुन्धरा गगन सकल दहल रहे.
ये पर्व तब सफल है जब प्रचार हो प्रकाश का,
धरा पवित्र वायु शुद्ध और गगन धवल रहे.
पटाखे फूटते हैं तो उकेरते हैं दृश्य ज्यों,
गगन पे झिलमिला रहे सितारे कुछ पिघल रहे.
हवा महल शरण-स्थल ये चल अचल तिमिर अटल,
मिटाने अंधकार को हैं दीप देखो जल रहे.
मतले में ही हिन्दी के कुछ सुंदर शब्दों के प्रयोग के साथ जैसे पर्व का उल्लास भर गया है। अगले ही शेर में दर्शन का एक बहुत ही सुंदर शेर है जो कठिन परिस्थितियों में भी डटे रहने की बात करता है। अगले दो शेर आज के समय को रेखांकित करते हैं, जिनमें हमने हर बात का हल केवल और केवल हिंसा को ही मान लिया है। लेकिन उसके बाद का शेर उन लोगों को समर्पित है जो दूसरों के लिए प्रेरणा बन जाते हैं, बहुत ही सुंदर शेर। फिर हमारे समय के सबसे महत्त्वपूर्ण सरोकारा पर्यावरण और प्रकृति की बात करने दो बहुत ही सुंदर शेर कहे गये हैं। यह हम सब को आज का सबसे बड़ा दायित्व है कि हम पर्यावरण की सुरक्षा की बात अपने साहित्य में करें। दीपावली के दृश्य को आतिशबाज़ी के साथ उभारता अगला शेर बहुत अच्छा है। और अंतिम शेर में लगायी गयी गिरह अपने मिसरा ऊला के कारण बहुत ख़ूबसूरत हो गयी है। बहुत ही सुंदर ग़ज़ल, वाह वाह वाह।
दिगंबर नासवा ने बहुत अच्छे से बासी दीपावली में दीपकों की पंक्ति लगायी है। बहुत ही सुंदर ग़ज़ल। मैंने तो अपने हिस्से की दाद दे दी, अब आप लोग भी अपने हिस्से की दाद शायर को प्रदान करें। पाँच दिवसीय प्रकाश पर्व के इस पाँचवे दिवस की आप सभी को बहुत बहुत शुभकामनाएँ।
.gif)



रोचक सृजन
जवाब देंहटाएं