वर्ष बीत जाता है और पता ही नहीं चलता है, समय की रफ़्तार कुछ तेज़ हो गई है शायद। दीपावली का त्योहार एक बार फिर सामने आ गया है। वर्ष बीत जाने का संकेत देते हुए। महापर्व इसलिए भी इसे कहा जाता है क्योंकि यह त्योहार महापर्व कहलाने योग्य भी है। पाँच दिन का त्योहार और पाँच ही क्यों, सही मायने में तो यह उससे भी लम्बे समय तक चलता है। कई जगहों पर तो कार्तिक पूर्णिमा तक दीपावली का त्योहारा जारी रहता है। धनतेरस से प्रारंभ होकर वैसे भाई दूज तक चलने वाला होता है यह त्योहार। मुझे याद पड़ता है कि इस ब्लॉग की जब मैंने शुरूआत की थी, तो सबसे पहले दीपावली पर एक मुशायरे का आयोजन किया था। वह हालाँकि तरही मुशायरा नहीं था लेकिन उसमें सबने अपनी-अपनी कविताएँ प्रस्तुत की थीं। उसके बाद से सिलसिला चलता रहा। हर बार ऐसा लगता है कि कम लोग आएँगे, कम रचनाएँ आएँगीं लेकिन लोग दौड़ते-दौड़ते भी गाड़ी पकड़ ही लेते हैं और आ जाते हैं। इस बार भी ऐसा ही हुआ है और सम्मानजनक संख्या में रचनाएँ आ गई हैं। ब्लॉगिंग के इस सिमटते-सिकुड़ते समय में सम्मानजनक होना ही बहुत बड़ी बात है।
इस बार का मिसरा देखने में आसान था लेकिन जो देखने में आसान होता है वही कठिन होता है, यह भी सच बात है। छोटी बहर में पूरी बात का निर्वाह करना ज़रा कठिन होता है। लेकिन बहुत ही अच्छे से निर्वाह किया गया है। आज हम तीन शायरों के साथ मुशायरे को प्रारंभ करते हैं। तीनों गुणी शायर हैं। इनमें से एक हमारे मुशायरे में पहली बार आ रहे हैं। सौरभ पाण्डेय जी, गिरीश पंकज जी और डॉ. कुमार प्रजापति के साथ आज हम धनतेरस मनाने जा रहे हैं।
सौरभ पाण्डेय
इन आँखों में जो सपने रह गये हैं
बहुत ज़िद्दी, मगर ग़मख़ोर-से हैं
अमावस को कहेंगे आप भी क्या
अगर सम्मान में दीपक जले हैं
अँधेरों से भरी धारावियों में
कहें किससे ये मौसम दीप के हैं
सड़क पर शोर से कब है शिकायत,
चढ़ी नज़रें मुखर आवाज़ पे हैं !
प्रजातंत्री-गणित के सूत्र सारे
अमीरों के बनाये क़ायदे हैं
उन्हें शुभ-शुभ कहा चिडिया ने फिर से
तभी बन्दर यहाँ के चिढ़ भरे हैं
उमस बेसाख़्ता हो, बंद कमरे --
कई लोगों को फिर भी जँच रहे हैं
करेगा कौन मन की बात, अम्मा !
सभी टीवी, मुबाइल में लगे हैं
जला इस ओर दीपक तो उधर भी
उजाले के दरीचे खुल रहे हैं
नयी फुनगी दिखी है फिर तने पर
बया की चोंच में तिनके दिखे हैं
बहुत ही सुंदर ग़ज़ल। सौरभ जी की कहन में एक अलग बात होती है। उनकी ग़ज़लें कुछ अलग तरह की ध्वनियों से भरी होती हैं। यह बात अलग है कि उनका मन गीतों में ज़्यादा रमता है। मतले से ही जो कमाल शुरू किया है वह पूरी ग़ज़ल में बरकरार रहता है। सड़क पर शोर से कब है शिकायत, चढ़ी नज़रें मुखर आवाज पे हैं, बहुत ही गूढ़ बात को बहुत सरलता और तरलता के साथ कह दिया है। आवाज़ पर नज़रें होना गहरे संकेत दे रहा है। प्रजातंत्री गणित के क़ायदे वाला शेर भी एक बार फिर कई-कई अँधेरे कोनों की ओर इशारा कर रहा है। बहुत खूब शेर। नयी फुनगी का तने पर दिखना और बया की चोंच में तिनके नज़र आना शायद यही तो असली दीपावली होती है। गिरह का शेर भी खूब बना है। बहुत ही उम्दा ग़ज़ल, अलग ढंग और अलग रंग की ग़ज़ल। वाह वाह वाह ।
गिरीश पंकज
हमारे हाथ में नन्हें दिये हैं
अँधेरे खुदकशी करने लगे हैं
उजाले ने खुशी की तान छेड़ी
अँधेरे पढ़ रहे अब मर्सिये हैं
मनाए ख़ैर अब पसरा अँधेरा
मसीहा दीप ले कर चल पड़े हैं
अँधेरा बाँटते हैं जो जगत को
न जाने कैसी मिट्टी से बने हैं
चलो हम दीप उस घर भी जलाएँ
जहाँ रोते हुए बच्चे खड़े हैं
अँधेरा भाग जाएगा यहाँ से
''उजाले के दरीचे खुल रहे हैं ''
बुझाना दीप है आसान 'पंकज'
जलाएँ जो, वही इन्साँ बड़े हैं
गिरीश पंकज जी न केवल गुणी शायर है बल्कि बहुत अच्छे व्यंग्यकार भी हैं। व्यंग्यकार के रूप में उनकी ख्याति ने उनके शायर को छुपा रखा है। लेकिन जब-जब वह शायर सामने आता है तो कमाल की ग़ज़लें हमें मिलती हैं। यह एक मुसलसल ग़ज़ल है, एक ही विचार और एक ही विषय को साधती हुई ग़ज़ल। मतले से शुरू करके बहुत सुंदर शेर गिरीश जी ने कहे हैं। सकारात्मक विचार पूरी गज़ल़ में हैं। अँधेरे और उजाले के बीच के समर में उजालों का हामी ही कविता हमेशा होती है। मसीहा का दीप लेकर चल पड़ने वाला शेर हमारी सारी सकारात्मकता को एक दिशा प्रदान करने वाला शेर है। अँधेरा हर युग में होता है और उससे लड़ने वाला भी हमें हर युग में मिलता है। अँधेरा बाँटते हैं जो जगत को में दीप की मिट्टी की चर्चा शेर को नई ऊँचाई प्रदान करती है। गिरह का शेर भी बहुत ही सुंदर लगा है। वाह वाह वाह।
डॉ ' कुमार' प्रजापति
लगी है चोट दिल पे रो चुके हैं
कहाँ अब आँख में आँसू बचे हैं
किसी ने आपको समझा दिया है
भरोसा कीजिए हम आपके हैं
सभी मिट्टी में मिल जायेंगे इक दिन
सभी इन्सान मिट्टी के बने हैं
तमन्ना थी कि उनसे बात करते
ये हालत है कि बस चुप-चुप खड़े हैं
अभी उम्मीद है आने की उसके
अभी रौशन सितारों के दिये हैं
अँधेरे का कलेजा फट रहा है
'उजाले के दरीचे खुल रहे हैं'
'कुमार' उसको सुनाने की है चाहत
ग़ज़ल के शेर जो हमने कहे हैं
राउलकेला ओडिशा के कुमार जी ने बहुत ही सुंदर ग़ज़ल कही है। पहली बार उनकी आमद हुई है लेकिन लग नहीं रहा है कि हम उनको पहली बार पढ़ रहे हैं, सुन रहे हैं। क्या कमाल की ग़ज़ल कही है उन्होंने। ग़ज़ब का मतला, और उस पर मिसरा सानी तो कमाल-कमाल है। और ठीक उसके बाद का शेर उफ़्फ़…. मिसरा सानी –भरोसा कीजिए, तो चौंका दे रहा है। मिट्टी में मिल जाने की बात कहने वाला शेर दर्शन और सूफ़ी रंग को लिए हुए है और खूब बना है। गिरह के पहले के दोनो शेर भी कमाल कर रहे हैं। अभी उम्मीद है आने की उसके में मिसरा सानी खूब बना है। कुमार जी को मिसरा सानी गढ़ना खूब आता है, यह एक ही ग़ज़ल से पता चला रहा है। मिसरा सानी किसी भी शायर के लिए सबसे कठिन स्वप्न होता है। गिरह और मकते का शेर दोनों ही उसी रंग में हैं जिस पर पूरी ग़ज़ल है। पहली आमद कमाल आमद, वाह वाह वाह।
तो यह हैं हमारे आज के ओपनिंग खिलाड़ी जो कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं। आप बस इस प्रदर्शन को देखिए और मेरी तरह वाह वाह करिए। आगे हम कल और कुछ शायरों को सुनेंगे। तब तक बजाते रहिए तालियाँ और आनंद लीजिए आज की तीनों ग़ज़लों का। आप सभी को धनतेरस की शुभकामनाएँ। शुभ-शुभ।