मित्रो होली का त्योहार भी बीत गया। ऐसे ही हमारे जीवन में समय का चक्र चलता रहेगा। त्योहार आते रहेंगे बीतते रहेंगे। लेकिन उन सबके बीच में बचा कर रखनी होगी हमें थोड़ी सी संभावना। संभावना अपने लिए अपने होने के लिए। उन लोगों के लिए जो हमारे अपने हैं। मुझे कई बार लगता है कि आज से लगभग आठ साल पहले किसी मित्र के कहने पर यदि मैं ब्लॉगिंग से नहीं जुड़ता तो आज क्या होता। आज मेरे हिस्से में मित्रता का वो धन नहीं होता जो है। आप सब ने मिलकर मुझे वह बनाया जो मैं आज हूं। आज साहित्य में जो भी मेरा स्थान है उसमें इस ब्लॉग और इस ब्लॉग के परिवार द्वारा दिए गए स्नेह का बहुत बड़ा योगदान है। आप सब द्वारा दिए गए स्नेह के कारण ही वह आत्म विश्वास मेरे अंदर आया कि मैं वह सब कर पाया। इसलिए इस ब्लॉग पर गतिविधियों का चलाए रखना मेरे ऊपर क़र्ज भी है और मेरा फ़र्ज भी है। जल्द ही हम गर्मियों की ऋतु का स्वागत करेंगे। आज कुछ स्वास्थ्य की गड़बड़ी के कारण लम्बी पोस्ट नहीं लगा पा रहा हूं। आप संभालिएगा।
मैं रंग मोहब्बत का थोड़ा सा लगा दूं तो
विनोद पाण्डेय
मुस्कान तेरे लब पे, अपनी मैं सजा दूं तो
सब दर्द तेरे पी लूं, अश्कों को सुखा दूं तो
इकरार किया तुमने, हंगामा हुआ बरपा
अब अपने भी मैं दिल का, गर हाल बता दूं तो
पिचकारी लिए रंगो की निकले हैं सब देवर
भाभी का कहां है घर, मैं राह दिखा दूं तो
ससुराल गया नन्दू बीवी को लगाने रंग
गवना है अभी बाकी मै शोर मचा दूं तो
चुपके से रघु धनिया के हाते में कूदा है
धनिया के पिताजी को ऐसे में जगा दूं तो
भुक्खड़ की तरह खाते पंडित जी हैं गुझिया को
गुझिया में अगर उनकी कुछ भांग मिला दूं तो
सम्बन्ध नही बनते, बुनियाद पे रुपयों की
बस्ती में गरीबों की गर प्यार दिखा दूं तो
है रंग बहुत सारे तुम डूबी हो जिनमें, पर
मैं रंग मुहब्बत का, थोड़ा सा लगा दूं तो
माना कि ग़ज़लकारों के बीच अनाड़ी हूँ
शे'रों से मगर अपने, रोते को हँसा दूं तो
हम्म्म, देर आयद दुरुस्त आयद। होली के माहौल में डूबी हुई है पूरी की पूरी ग़ज़ल। सारे शेर होली के माहौल और उसके आनंद को दोगुना कर रहे हैं। होली का त्योहार होता ही ऐसा है जिसमें हम सब अपने अंदर कुछ उल्लास कुछ उमंग को बटोर लेते हैं। विनोद जी ने भी इस होली में इसी कार्य को करने की कोशिश की है और उस कोशिश में उनको सफलता भी मिली है। बहुत ही सुंदर ग़ज़ल।
तिलक राज कपूर
ठहरे हुए दरिया में, इक मौज उठा दूँ तो
फितरत जो रही इसकी, फिर इसको दिला दूँ तो।
कुछ दिल को करार आये, उम्मीद जगा दूँ तो
अंधियार में राही को, इक राह दिखा दूँ तो।
कुछ रंगे-बहार आये तारीक फि़ज़ाओं में
मैं रंग मुहब्बहत का थोड़ा सा लगा दूँ तो।
इक शोख़ हसीना की, अंगड़ाई में गुम हो कर
अपने ही बदन को गर, इक बेल बना दूँ तो।
इस राख़ की ढेरी में, कोई तो शरर होगा
मुमकिन है भड़क उट्ठे, गर इसको हवा दूँ तो।
परवाज़ न ठहरेगी, जो हमने शुरू की है
तू मुझ को लगा दे पर, मैं तुझ को लगा दूँ तो।
इक जंग मुसल्सल है, थमती ही नहीं दिखती
थमने न इसे देना, मैं खुद को मिटा दूँ तो।
हासिल न हुआ कुछ भी, मजहब की दीवारों से
ये बात समझ ले वो मजहब ही बना दूँ तो।
इक याद मुसल्सल है, सोने ही नहीं देती
कुछ नींद मुझे आये, मैं इसको सुला दूँ तो।
तिलक जी का अपना ही अलग अंदाज़ है ग़ज़लें कहने का। और हां यह भी कि वे हमेशा अलग अलग मूड पर ग़ज़लें कहते हैं। इस बार होली के माहौल पर उन्होंने एक ग़ज़ल कही थी और आज एक अलग अंदाज़ में यह उनकी ग़ज़ल। बहुत ही प्रभावी बन पड़े हैं सारे शेर।
तो आनंद लीजिए सारे शेरों का । और देते रहिए दाद। और हां एक सूचना यह कि शिवना प्रकाशन अब www.amazon.in/s/ref=nb_sb_noss_1?url=search-alias%3Daps&field-keywords=shivna+prakashan अमेजन पर है और बहुत जल्द ही वह फिल्पकार्ट पर भी होगा। साथ ही कुछ अन्य स्थानों पर भी।