तरही को लेकर इस बार जो उत्साह लिखने वालों ने दिखाया है वो अद्भुत है । पिछली बार होली के मुशायरे में कुछ कठिन बहर और तिस पर उतने ही कठिन मिसरे ने सबसे हथियार डलवा दिये थे । इस बार हालांकि बहर में हलकी सी उलझन है आखिरी रुक्न के सालिम हो जाने के कारण । मगर फिर भी उसका हल तो ये हो ही सकता है कि मिसरे में आखिर में एक दीर्घ की गुंजाइश निकाल ली जाये । खैर पिछले अंक में राकेश जी ने दो बहुत ही सुंदर गीतों के साथ शुभारंभ किया है । भारत इतना बड़ा देश है कि उत्तर से दक्षिण तक जाने में ही प्राकृतिक बदलाव व्यापक रूप से हो जाते हैं । जैसे अर्श अपनी ग़ज़ल में मई में गेहूं की फसल कटने का बिम्ब बांध रहा था, मैंने कहा मई में गेहूं की फसल ? वो तो फरवरी में ही कट जाती है । पता लगा कि अर्श बिहार के जिस क्षेत्र से है वहां मई में ही कटती है । खैर तो चलिये आज सुनते हैं एक और सुंदर सी ग़ज़ल तरही मुशायरे में ।
ग्रीष्म तरही मुशायरा
और सन्नाटे में डूबी गर्मियों की ये दुपहरी
धर्मेन्द्र कुमार सिंह
आज हम सुन रहे हैं श्री धर्मेन्द्र कुमार सिंह की ग़ज़ल वे वरिष्ठ अभियन्ता के रूप में जनपद निर्माण विभाग - मुख्य बाँध एनटीपीसी लिमिटेड, बरमाना, बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश में पदस्थ हैं । बांध बनाते बनाते ग़ज़लें भी उतनी ही सुंदर बांधते हैं ।
परिचय एवं रचना प्रक्रिया:
मै प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश में 22 सितंबर 1979 को जन्मा। मुझे कविताएँ पढ़ने का शौक बचपन से रहा है। मगर बचपन में मुझे लिखने वगैरह का शौक नहीं था। एकाध हास्य कविता लिखी थी कभी इंटरमीडिएट में और एक दो गीतों की पैरोडी बनाई थी कुछ मित्रों के लिए। बीटेक करने के लिए जब बनारस गया तो आदरणीय बच्चन जी की मधुशाला पढ़ी। इसे पढ़ने के बाद न जाने कैसे लिखने का शौक जागा और ऐसा जागा कि साठ रुबाइयाँ लिख डालीं जिनको आप sajjankimadhushala.blogsopt.com पर पढ़ सकते हैं। उसके बाद यह शौक ठंडा पड़ गया। क्या करें विज्ञान की समीकरणें जो समझनी थीं?
धर्मेंद्र जी अपनी धर्मपत्नी तथा बेटे के साथ
तो इसके बाद पाँच छः साल तक यानि एनटीपीसी में नौकरी लगने तक मैंने चार या पाँच रचनाएँ ही और लिखीं। फिर विवाह हुआ और नौकरी तथा परिवार में वक्त गुजरने लगा। अचानक चार साल बाद मेरा ट्रांसफर हो गया खासियाबाड़ा, पिथौरागढ़, उत्तराखंड। वहाँ पत्नी और बच्चे तो साथ में रख नहीं सकता था सो उनको घर पर छोड़ा और काम धाम ज्यादा न होने की वजह से फिर साहित्य की तरफ ध्यान गया। सबसे आसान रास्ता था इंटरनेट जिससे पहले अनुभूति मिली फिर कविता कोश मिला। कविता कोश मिला तो पुरानी यादें ताजा हो गईं, कविताएँ पढ़ने और जोड़ने का सिलसिला चालू हुआ तो लिखने का भी सिलसिला चल निकला। उसके बाद ब्लॉग बनाया और बस धीरे धीरे कवियों से जान पहचान बढ़ी तो कविता से भी जान पहचान बढ़ने लगी। मैं तो बस सीख रहा हूँ गीत लिखना, ग़ज़ल लिखना, कविता लिखना इत्यादि। आजकल वापस वहीं पोस्टिंग हो गई है जहाँ से ट्रांसफर हुआ था। अब मैं एनटीपीसी लिमिटेड की कोलडैम परियोजना में वरिष्ठ अभियंता (बाँध) के रूप में कार्यरत हूँ। परिवार के साथ हूँ तो आजकल समय थोड़ा कम ही मिलता है फिर भी कभी कभी कुछ लिखने का मन कर ही जाता है।
चलभाष: 09418004272
ई-मेल: dkspoet@gmail.com, dkspoet@rediffmail.com, dkspoet@yahoo.com , dksingh05@ntpc.co.in
ब्लॉग: www.dkspoet.in
प्रकाशन: अभी तक तो केवल बेबसाइटों पर ही गीत, कविताएँ, ग़ज़लें इत्यादि प्रकाशित हुई हैं।
ग़ज़ल
धूप से कर छाँव छलनी गर्मियों की ये दुपहरी
हर शजर को क़ैद करती गर्मियों की ये दुपहरी
0
हर तरफ अब शोर इतना मन सहम कर चुप हुआ है
''और सन्नाटे में डूबी गर्मियों की ये दुपहरी''
0
जल रही भू चल रही लू सूर्य मनमानी करे अब
देख डर से काँप जाती गर्मियों की ये दुपहरी
0
सूख कर काँटा हुई है गाँव की चंचल नदी फिर
क्यूँ उसे इतना सताती गर्मियों की ये दुपहरी
0
आम का इक पेड़ अब भी राह मेरी देखता है
याद मुझको है दिलाती गर्मियों की ये दुपहरी
0
है सड़क पर जल, लगे तो, आँख पर विश्वास मत कर
बुद्धि सर्वोपरि सिखाती गर्मियों की ये दुपहरी
0
जल रहा तन, मन तड़पता, बोझ सा जीवन हुआ है
नर्क का ट्रेलर दिखाती गर्मियों की ये दुपहरी
हूं बहुत अच्छे प्रयोग किये गये हैं ग़ज़ल में । आम का इक पेड़ अब भी राह मेरी देखता है, उफ मुझे भी अपने उस छोटे से शहर के मकान के पास खड़े उस एक आम के पेड़ की याद आ गई । जल रही भू, चल रही लू काव्य का बहुत ही सुंदर प्रयोग है, हिंदी के प्रयोगों को ग़ज़ल में किया जाये तो इस संगम से सुंदरता और बढ़ जाती है । है सड़क पर जल लगे तो आंख पर विश्वास मत कर, मृग मरीचिका के बिम्ब को बहुत ही अच्छे तरीके से बांधा गया है । पूरी ग़ज़ल बहुत ही सुंदर है ।
तो चलिये आनंद लीजिये आज की इस सुंदर ग़ज़ल का और दाद दीजिये । तथा प्रतीक्षा कीजिये अगले अंक का और एक और रचनाकार का ।