शनिवार, 14 मई 2011

नौ बजे हैं और अभी से, सख्‍़त गर्मी पड़ रही है आ गई क्‍या सुब्‍ह से ही, गर्मियों की ये दुपहरी, चलिये आज सुनते हैं डॉ. आज़म जी से उनकी तरही ग़जल़ ।

हौले हौले तरही आगे बढ़ रहा है । और आज जब ये पोस्‍ट लगा रहा हूं तब साथ में विधानसभा चुनावों के नतीजों पर भी नज़र रखा हूं । अपनी राजनैतिक पसंद नापसंद को कभी जाहिर करना मैंने ठीक नहीं समझा, इसलिये ये तो नहीं कह सकता  कि नतीजे आने पर मुझे कैसा लगा रहा है किन्‍तु हां ये अवश्‍य है कि मैं भारत के मतदाता के समझदार होते जाने पर प्रसन्‍न हूं । प्रसन्‍न हूं कि वो अब कुछ सोच कर वोट देने लगा है । खैर तो आज हम तरही के क्रम को आगे बढ़ाते हैं । आज का अंक देश की सांप्रदायिक सौहार्द्र के नाम । तीन कारणों से, पहला इसलिये कि सबसे पहले तो आप सब को आभार नफीसा  को पसंद करने के लिये और आभार विशेष कर  इस पत्र के लिये जो मेरे लिये जीवन का सबसे महत्‍वपूर्ण पत्र हो गया है 'लेकिन कभी कभी ब्‍लाग पर कुछ लोगों की संकीर्ण मानसिकता जब मन में निराशा भर देती  है तो तुम जैसे लोग ही आशा का सूरज बन कर सामने आते हैं  ख़ुदा से दुआ है कि इस संसार को बहुत सारे पंकज सुबीर अता करे आमीन ख़ुदा हाफ़िज़' । सांप्रदायिक सौहार्द्र की  दूसरी बात आगे आज़म जी के साथ घटे ए‍क घटनाक्रम में भी आयेगी । तीसरा  अभी एक और बात कल हमारे शहर के पास स्थित एक बड़े मदरसे ( ये दारुल उलूम मदरसा अंतर्राष्‍ट्रीय स्‍तर का है ) में एक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र तथा गौशाला का शुभारंभ किया गया । और बड़ी बात ये है कि स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र का शुभारंभ करने के लिये मदरसा के संचालकों ने किसी और को नहीं बल्कि कांची कामकोटी पीठ के शंकराचार्य श्री जयेन्‍द्र सरस्‍वती जी को बुलाया । समाचार यहां देखें । इन घटनाओं को बढ़ाया जाये ताकि देश मज़बूत हो सकते ।

r

ग्रीष्‍म तरही मुशायरा

D34538970

और सन्‍नाटे में डूबी गर्मियों की ये दुपहरी

azam ji

डॉ. आज़म

मेरे बहुत अच्‍छे मित्र और उतने ही अच्‍छे शायर हैं । अलीगढ़ मुस्‍लिम विवि से आपने यूनानी पद्धति से चिकित्‍सा में डिग्री हासिल की है और अभी सीहोर के शासकीय अस्‍पताल में पदस्‍थ हैं । खुले विचारों के धनी डॉ आजम बहुत डूब कर ग़ज़लें लिखतें है और इनकी ग़ज़लें उर्दू की सभी प्रमुख पत्र पत्रिकाओं में छपती रहती हैं अभी देश की सबसे बड़ी उर्दू पत्रिका शायर ने उनके परिचय के साथ काफी ग़ज़लें छापी थीं । अरूज़ के जानकार हैं और जल्‍द ही शिवना प्रकाशन से इनकी एक विस्‍तृत पुस्‍तक ग़ज़ल के व्‍याकरण पर आ रही है ( लिमिटेड एडीशन) ।  खूब मुशायरों में शिरकत करते हैं । एक और विशेषता ये है कि ये हिंदी के भी जबरदस्‍त हिमायती हैं । हिंदी में भी ग़ज़लें और कविताएं खूब लिखते हैं । मंच के बेहतरीन संचालक हैं । ये जब भी संचालन के दौरान मुझे ग़ज़ल पढ़ने आमंत्रित करते हैं तो कहते हैं कि अब मैं एक जेनुइन साहित्‍यकार  को बुला रहा हूं । इन दिनों भोपाल में मुशायरों में धूम मचाये हुए हैं । पूर्व में स्‍थानीय चैनल पर समाचार भी पढ़ते रहे हैं । कई सारे पुरस्‍कार मिल चुके हैं अभी पिछले साल का शिवना पुरस्‍कार इनको दिया गया था । ये जो फोटो ऊपर लगा है ये आज़म जी ने अपने फेसबुक की प्रोफाइल  पर लगाया हुआ है और विशेष कर मुझसे ये कह कर लगवाया कि इसे लगा दो इसमें सर पर तिलक होने से अपने देश का पूरा प्रतिनिधित्‍व हो रहा है । जिस पर उनको ये मैसेज मिला उसका आज़म जी ने क्‍या उत्‍तर दिया वो भी पढ़ें । ये जो यू.डब्‍ल्‍यू.एम. ये भारत से संबंधित नहीं है, इस बाहर की संस्‍था को आज़म जी का जवाब हमारे देश की सांप्रदायिक एकता का बड़ा उदाहरण है ।

azam ji4

यू.डब्‍ल्‍यू.एम. : मोहम्मद के माथे पर तिलक नहीं होता ... लानत है ... या तो नाम बदलो या फोटो ...

मोहम्मद आज़म: यह हिन्दुस्तान की गंगो जमनी तहजीब को ज़ाहिर कर रहा है, मज़हब नहीं । मज़हब की तंगनज़री पर हज़ार बार लानत ....

यू.डब्‍ल्‍यू.एम. : किसी हिन्दू को नमाज़ पढ़ते देखा है ...?

मोहम्मद आज़म: मैंने नमाज़ और रोज़े रखते हुए भी देखा है इन आल सो कॉल्‍ड इस्लामिक एटायर एंड विथ फुल फैथ । मेरी ये तस्वीर एक हिंदी मंच के सम्मान की है ।( पिछले वर्ष शिवना प्रकाशन का शिवना पुरस्‍कार ) मैंने खुसूसी तौर से नहीं खिंचवायी है । ये एजाज़ बशीर बद्र और बेकल उत्साही के हाथों मुझे दिया गया । बेशतर शाइर  और श्रोता  मुस्लिम थे । एक लाल टीके से इतनी तकलीफ समझ से बाहर है ।  हम रिचुअल्स और रेलिजन को एक कब तक समझते रहेंगे । बिहार में तो मुस्लिम औरतें सिन्दूर लगाती हैं । तो क्या वोह मज़हब से खारिज हो गयीं । मज़हब का दायरा  बहुत वाइड  है । सब कुछ नीयत पर है । 'बुत ' और खुदा पर पुराने शाइरों ने  ऐसे शेर कहें है के आज का शाइर  कहदे तो क़त्ल कर देने का फतवा जारी हो जाये । क्यूंकि आज तंग नज़री और इन्तहा पसंदी बढ़ गयी है ।

( आज़म जी के इस उत्‍तर के बाद यू.डब्‍ल्‍यू.एम. ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया )

तरही ग़ज़ल

mother

क़हर ढाती, चिलचिलाती, गर्मियों की ये दुपहरी
जानदारों पर है भारी गर्मियों की ये दुपहरी

पास कूलर है न ए.सी., गर्मियों की ये दुपहरी
ऐसी तैसी कर दे सबकी गर्मियों की ये दुपहरी

बन गया घर एक भट्टी, तप रही है सारी धरती
इस तरह है आग उगलती, गर्मियों की ये दुपहरी

कितने बदकि़स्‍मत झुलस कर मर गये इसकी तपिश से
इक क़यामत के है जैसी , गर्मियों की ये दुपहरी
 

कर दिया बाज़ार ख़ाली, हो गईं सुनसान सड़कें 
आके कर्फ्यू सा लगाती, गर्मियों की ये दुपहरी 

कोक पी लें, आम खा लें, लस्‍सी पी लें , ककड़ी खा लें
है कहां फिर भी गुज़रती, गर्मियों की ये दुपहरी 

लू की लपटें, धूप तीखी, और कभी आंधी बवंडर
साथ लाए संगी साथी, गर्मियों की ये दुपहरी 

प्‍यास की शिद्दत है ऐसी, भूक मर जाती है जिससे
रूह को भी कर दे प्‍यासी, गर्मियों की ये दुपहरी
 

नौ बजे हैं और अभी से, सख्‍़त गर्मी पड़ रही है
आ गई क्‍या सुब्‍ह से ही, गर्मियों की ये दुपहरी 

ताल पोखर, खेत जंगल, पेड़ पौधे सब सुखा दे
हाय ऐसी, उफ है ऐसी, गर्मियों की ये दुपहरी
  

बच्‍चे बूढ़े, मर्द औरत, सब के लब पर ये सदा है
जान लेगी क्‍या मई की , गर्मियों की ये दुपहरी 

अच्‍छी बारिश के लिये हैं, धूप और गर्मी ज़रूरी
फ़र्ज़ आज़म है निभाती , गर्मियों की ये दुपहरी     

जान लेगी क्‍या मई की गर्मियों की ये दुपहरी, इस मिसरे में रदीफ पूरी रवानगी के साथ मिसरे में गुथ गया है । और आ गई क्‍या सुब्‍ह से ही गर्मियों की ये दुपहरी इसमें तो आज़म जी ने कमाल कर दिया है । इक क़यामत के है जैसी गर्मियों की ये दुपहरी । तो आनंद लीजिये आज़म जी की इस शानदार ग़ज़ल का और दाद देते रहिये ।

फिर एक अनुरोध जिन लोगों ने परिचय आदि नहीं भेजा है वे भेज दें जिन के परिचय नहीं मिलेंगे उन सभी की ग़ज़लें एक साथ दो या तीन रचनाकारों  को लेकर लगाई जायेगी ।

परिवार