रविकांत की कविताओं में ग़ज़लों में एक अलग कुछ होता है जो उन रचनाओं को भीड़ से अलग करता है । हालांकि मुझे आज भी लगता है कि रविकांत गीतों में जितना सहज होकर उभरता है उतना ग़ज़लों में नहीं । दरअसल में हर किसी की एक अपनी ही विधा होती है । एक ऐसी विधा जिसमें कि वो अपने सर्वश्रेष्ठ रूप में दिखाई देता है । इसका मतलब ये नहीं है कि उस रचनाकार की दूसरी विधाएं कमजोर होती हैं । खैर आज तो रविकांत की बारी है । रविकांत और गौतम इन दोनों में एक समानता है कि दोनों ने ही प्रेम विवाह किया है, और मजे की बात ये है कि दोनों ने ही परिचय के साथ अपनी और अपनी जीवन संगिनी की युगल फोटो नहीं भेजी है, बल्कि अलग अलग भेजी हैं । होता है होता है । आइये रविकांत का परिचय जानें । हां एक विशेष बात, हो सकता है कि तरही का क्रम हर रोज़ का करना पड़े, क्योंकि ग़ज़लें काफी सारी हैं और यदि एक दिन के अंतर से लगाई गईं तो शायद बरसात ही आ जाये ।
ग्रीष्म तरही मुशायरा
और सन्नाटे में डूबी गर्मियों की ये दुपहरी
रविकांत पांडेय
रचना प्रक्रिया: जीवन स्वयं तिक्त-मधुर प्रसंगों के सहारे मुझसे काव्य-रचना करवा लेता है। सो कभी आनंद के अतिरेक से भावपुष्प मिलकर काव्यहार बन जाते हैं तो कभी मेरे कवि को कविता को जन्म देने के लिये प्रसव-पीड़ा की वेदना से गुजरना पड़ता है-“जब-जब अश्रु नयन में आये, मैंने तब-तब गीत लिखा”।
रविकांत और गुंजन
परिचय: बिहार राज्य के सीवान जिले में जन्म। पश्चात, कालक्रम ने सीवान से पटना, पटना से शिमला और शिमला से कानपुर पहुंचाया जहां कैंसर पर शोधरत हूं। काव्य-प्रेम विरासत में मिला और भारतीय सभ्यता-संसकृति की जड़ों को समझने के क्रम में यह प्रेम और भी पुष्पित-पल्लवित होता गया। कारण कि अधिकांश प्राचीन साहित्य- वेद, पुराण, उपनिषद, योग, दर्शन, तंत्र आदि- काव्य की भाषा में ही कहे गये हैं। इसी प्रक्रिया में एक दिन मेरे भीतर सोया कवि भी जागृत हो गया।
लाड़ली बिटिया
संपर्क- e-mail: laconicravi@gmail.com मोबाइल नंबर: 09889245656
ब्लाग http://jivanamrit.blogspot.com/
तरही गज़ल
पथ पे अंगारे बिछाती गर्मियों की ये दुपहरी
राहगीरों से है रूठी गर्मियों की ये दुपहरी
0
तप रही धरती तवे सी, ग्रीष्म का चूल्हा जला है
और करती है रसोई गर्मियों की ये दुपहरी
0
छुप-छुपाकरके बड़ों से, ताल, पोखर के किनारे
रोज बच्चों को बुलाती गर्मियों की ये दुपहरी
0
आम, पीपल, इमलियों पर भूत-प्रेतों का बसेरा
ऐसे किस्से लेके आती गर्मियों की ये दुपहरी
0
इक घड़े में थोड़ा पानी और प्यासा कोई कौआ
कह रही वो ही कहानी गर्मियों की ये दुपहरी
0
गंध महुवे की वो मादक, वो टिकोरे आमवाले
याद फ़िर उनकी दिलाती गर्मियों की ये दुपहरी
0
शायरी को चाहिये क्या? सामने तू ज़ुल्फ खोले
और सन्नाटे में डूबी गर्मियों की ये दुपहरी
तप रही धरती तवे से ग्रीष्म का चूल्हा जला है और करती है रसोई गर्मियों की ये दुपहरी, ये शेर बिम्ब के हिसाब से बहुत ही सुंदर बन पड़ा है । तीन विभिन्न प्रतिकों को बहुत ही सुंदर तरीके से पिरोया गया है । गंध महुवे की वो मादक, वो टिकोरे आम वाले, ये तो खैर सुंदर है ही । एक सबसे अच्छी बात ये है कि गर्मियों की ये दुपहरी लेकर भी सुंदरता के साथ अतीत की बात की है । बहुत सुंदर ग़ज़ल ।
तो चलिये आनंद लीजिये इस ग़ज़ल को । और हां यदि परिचय और चित्र भेजा नहीं है तो भेज दें ।