ये ग़ज़ल जब पढ़ी तो एकबारगी मन भीग सा गया । संवेदना से भरी हुई ग़ज़ल । बहुत ही मार्मिक चित्रण है उस पूरे परिदृश्य का जिसे बंटवारा कहते हैं । ये बंटवारा जब भी होता है तो जाने कितने ज़ख़्म छोड़ जाता है । फिर वो 1947 का बंटवारा हो या कि एक घर का । हर बंटवारे में एक मां का कलेजा बंट जाता है, हर बंटवारे में एक पिता के बाज़ू बंट जाते हैं । और पीछे रह जाती है एक चुप्पी एक उदासी । उस उदासी की स्वरों को बहुत ही अच्छे तरीके से अपनी गज़ल़ में पिरो दिया है प्रकाश पाखी ने । तो आइये सुनते हैं ये ग़ज़ल ।
ग्रीष्म तरही मुशायरा
और सन्नाटे में डूबी गर्मियों की वो दुपहरी
प्रकाश पाखी
मूलत: थार के रेगिस्तान के बाड़मेर जिले का रहने वाला हूँ...लिखने से ज्यादा पढने का शौक है...रचनात्मक लेखन के नाम पर कुछ कविताएँ ही लिखी है जो आज तक कही प्रकाशित नहीं हुई है..बरसो पहले शैलेश लोढ़ा के साथ काव्य पाठ के लिए आकश वाणी में अपनी प्रस्तुति दी थी...उसके बाद शैलेश लोढ़ा ने कविता करना छोड़ दिया?? उसके बाद मेरी रचनात्मक सृजनात्मकता ध्रुवीय भालू की तरह से शीत निद्रा में चली गयी ....जो आपके अथक प्रयासों से अब जाकर जगी है...इस तरह से सही मायने में मौलिक ,अप्रकाशित और अप्रसारित रहा हूँ...
सरकारी सेवाओं में नौकरी के प्रयासों में सात नौकरियां करने के बाद २००१ से राजस्थान राज्य सेवा में राज्य परिवहन सेवा में चयनित हुआ हूँ.तब से इसी नौकरी में हूँ अभी आदिवासी बहुल डूंगरपुर जिले में पदस्थापित हूँ.कुछ व्यस्तता और कुछ नेट की सुविधा नहीं होने से ब्लोगजगत में केवल आपके ब्लॉग से जुड़ा हूँ.अपना ब्लॉग्गिंग का काम ठप पड़ा है.
प्रकाश पाखी अपनी धर्मपत्नी नितीश के साथ । उनका छोटा बेटा ध्रुव । बड़ा बेटा देवेय और ध्रुव ।
हमारा एक संयुक्त परिवार था..और पिछली गर्मियों में हम भाइयों के बटवारे माताजी पिताजी के सामने हुए थे उसकी चुभन ही तरही में लिख पाया हूँ.मैंने काफी प्रयास किया कि बचपन और गर्मियों से जुडी यादों को तरही का विषय बनाऊ पर सफल नहीं हुआ और कुछ उससे हट कर भावों में आ ही नहीं पाया था. अंतिम तारीख से पहले अपने लिखे को वापस पढ़कर यह सोचा कि भाव जैसे है ठीक है,और जीवन की एक परिस्थिति को बयां करते है जो कमोबेश हर एक के जीवन में कभी न कभी आती है.सो वही लिखकर भेज रहा हूँ.
बात बंटवारे की लाई गर्मियों की वो दुपहरी
शूल सी दिल में चुभी थी गर्मियों की वो दुपहरी
0
रूठकर भौजी चली, इस घर उसे रहना नहीं है
और अम्मा संग रोई, गर्मियों की वो दुपहरी
0
कांप कुछ बापू रहे थे, माँ का आँचल भीगता था
अपना क्या था, कह रही थी, गर्मियों की वो दुपहरी
0
आज तुम जो कर रहे हो, कल तुम्हारे साथ होगा
करनी भरनी सीख देती गर्मियों की वो दुपहरी
0
ढोर बर्तन और सब घर, खेत, मन टुकड़े हुए थे
''और सन्नाटे में डूबी गर्मियों की वो दुपहरी''
कांप कुछ बापू रहे थे मां का आंचल भीगता था, बंटवारे का सजीव चित्रण कर दिया है इस मिसरे में । दर्द और पीड़ा की ग़ज़ल है ये । उस तकलीफ़ की ग़ज़ल है जो मां और पिता को होती है, तब जब उनके बेटे एक दूसरे के प्रति मन में विद्वेष लिये अलग होते हैं । ढोर बर्तन और सब घर खेत मन टुकड़े हुए थे, इस मिसरे में बाकी सब के साथ मन को जिस प्रकार गूंथा है वो प्रयोग छू गया है ।
अभी भी कई लोगों का परिचय तथा फोटो प्राप्त नहीं हैं । जल्दी जल्दी भेजें ताकि समय पर काम हो सके । कुछ लोगों ने आधारशिला में प्रकाशित कहानी 'नफीसा' पढ़ने की इच्छा जताई थी सो वो कहानी ब्लाग के साइड रोल पर है वहां से उसे पढ़ सकते हैं ।