बुधवार, 20 जनवरी 2010

वसंत पंचमी की सभी को मंगल कामनाएं, मां शारदा के चरणों में ग़ज़ल के पुष्‍प चढ़ा रहे हैं आज के तरही मुशायरे में गौतम राजरिशी, कंचन चौहान और अंकित सफर ।

Sarasvati114

    या कुन्देन्दु- तुषारहार- धवला या शुभ्र- वस्त्रावृता या वीणावरदण्डमन्डितकरा या श्वेतपद्मासना |
    या ब्रह्माच्युत- शंकर- प्रभृतिभिर्देवैः सदा पूजिता सा मां पातु सरस्वती भगवती निःशेषजाड्यापहा ||

आज वसंत पंचमी है । मां शारदा का प्राकट्य दिवस । वसंत का उल्‍लास और आनंद चारों और बिखर जाता है । मां सरस्‍वती जो हम सब शब्‍द साधकों की आराध्‍य हैं । उनकी ही कृपा से हमें शब्‍द मिलते हैं, भाव मिलते हैं और हमें कविता लिखने का सलीका आता है । यद्यपि इस बार वसंत पंचमी कुछ पहले आ गई हैं । वातावरण में वसंत न होकर अभी शीत ही है ।  किन्‍तु आज का ये तरही मुशायरा पूरी तरह से समर्पित है मां सरस्‍वती को । उनके श्री चरणों में अपनी ग़ज़लों के पुष्‍प चढा़ने आ रहे हैं आज पाठशाला के ही तीन विद्यार्थी गौतम, कंचन और अंकित ।

कल रात में देर तक मुशायरे में रहा इसलिये आज की ये पोस्‍ट कुछ देर से लग रही है । मुशायरा खूब हुआ, श्रोता उठने का नाम ही नहीं ले रहे थे । मप्र उर्दू अकादमी की सचिव नुस्रत मेहदी जी, श्री राम मेश्राम जी, श्री अनवारे इस्‍लाम, श्री डॉ कैलाश गुरू स्‍वामी, श्री वीरेंद्र जैन जी, श्री डॉ मोहम्‍मद आज़म और श्री रियाज़ मोहम्‍मद रियाज़ इन सबने मिल कर समां बांध दिया । संचालन की डोर आपके ही इस मित्र के हाथ में थी । पूरे कार्यक्रम को अभिनव द्वारा भेजे गये विशेष उपकरण में रिकार्ड किया है जल्‍द ही आडियो फाइल को कहीं अपलोड कर आपको लिंक देता हूं । कल बहुत दिनों के बाद सचमुच कवित सुनने को मिली । मां सरस्‍वती इन दिनों बहुत अनुग्रह कर रहीं हैं । पहले कवि मित्रों का आगमन और अब शायर मित्रों का घर आना । एक कविता जिसे मैंने पांच साल पूर्व लिखा था उसे लिख कर कभी पढा़ नहीं था । कल यूं ही उसे पढ़ दिया तो उसे मिली दादा से मैं उसी प्रकार हैरान रह गया जैसे महुआ घटवारिन के समय रह गया था । कविता है दर्द बेचता हूं मैं ।

खैर तरही में आज वसंतोत्‍सव है और इस वंसतोत्‍सव में आज पाठशाला की प्रस्‍तुतियां देने आ रहे हैं तीन होनहार विद्यार्थी । तीनों ने कुछ शेर मां सरस्‍वती की वंदना में भी निकाले हैं । तरही को इस बार जो ऊंचाइयां मिल रहीं हैं वो सब मां शारदा का ही प्रताप है । हम तो बस ये कह सकते हैं तेरा तुझको अर्पण क्‍या लागे मेरा । पहला शेर जो ग़ज़ल से ऊपर लिखा जा रहा है वो इन तीनों की ओर से मां शारदा को अर्पण है ।

a-saraswati-statue

मैं आंखें मिला जग से सच ही लिखूं मां

मेरी सोच मेरी क़लम भी बताये

ankit

अंकित सफर

जो लोरी सुना माँ ज़रा थपथपाए.

दबे पांव निंदिया उन आँखों में आये.

चलो फिर से जी लें शरारत पुरानी,

बहुत दिन हुए अब तो अमिया चुराए.

खिंची कुछ लकीरों से आगे निकल तू,

नयी एक दुनिया है तुझको बुलाये.

मुझे जानते हैं यहाँ रहने वाले,

तभी तो दो पत्थर मिरी ओर आये.

किया जो भी उसका यूँ एहसां जता के,

तू नज़दीक आकर बहुत दूर जाये.

मैं उनमे कहीं ज़िन्दगी ढूँढता हूँ,

वो लम्हें तिरे साथ थे जो बिताये.

खुली जब मुड़ी पेज यादें लगा यूँ,

के तस्वीर कोई पुरानी दिखाए.

दुआओं में शामिल है ये हर किसी के,

नया साल जीवन में सुख ले के आये.

ej26

रहम वीणापाणि का इतना हुआ है

के हम भी अदीबों के संग बैठ पाए

kanchan

कंचन चौहान

किसे कब हँसाये, किसे कब रुलाये,

ना जाने नया साल क्या गुल खिलाये।

समय चक्र की गति भला कौन जाने,

किसे दे बिछोड़ा, किसे ये मिलाये।

वो आते ही क्यों हैं भला जिंदगी में,

जो जायें तो भूले नही हैं भुलाये

नही काठ की, माँस की पुतलियाँ हम,

वो जब जी हँसाये, वो जब जी रुलाये।

मेरी ज़िद थी माँ से औ माँ की खुदा से,

जो अंबर का चंदा ज़मी पे नहाये।

कि ये साल होगा अलग साल से हर,

यही इक दिलासा हमें है जिलाये।

जो आँखौं के आगे नमूदार हो तुम,

तो खाबों को उनमें कोई क्यों बुलाये।

गली वो ही मंजिल समझ लेंगे हम तो,

जो जानम से हमको हमारे मिलाये।

वो अफसर थे सरकारी पिकनिक पे उस दिन,

गरीबों को मैडम से कंबल दिलाये।

लिहाफों, ज़ुराबों में ठिठुरे इधर हम,

उधर कोई छप्पर की लकड़ी जलाये।

saraswati47

कृपा शारदा की ये विद्या उन्‍हीं की

हुनर जो भी मेरा वो ही सब लिखाये

gautam

गौतम राजरिशी

गिराये, उठाये, रुलाये, हँसाये

न जाने नया साल क्या गुल खिलाये

है तरकीब कैसी समय की कहो ये

जो कल साल आया था, वो आज जाये

कोई बंदगी है कि दीवानगी ये

मैं बुत बन के देखूँ, वो जब मुस्कुराये

समंदर जो मचले किनारे की खातिर

लहर-दर-लहर क्यों उसे आजमाये

कहीं थम न जाये ये बाजार सारा

न गुजरा करो चौक से सर झुकाये

मचे खलबली, एक तूफान उट्ठे

झटक के जरा जुल्फ़ जब तू उड़ाये

हवा जब शरारत करे बादलों से

तो बारिश की बंसी ये मौसम सुनाये

हैं मगरुर वो गर, तो हम हैं मिजाजी

भला ऐसे में कौन किसको मनाये

क्‍या कहूं क्‍या लिखूं इन तीनों के बारे में । मो सरस्‍वती का आशीष तीनों पर यूं ही बना रहे ये ही कामना करता हूं । और ये ज़ुरूर लिखना चाहूंगा कि तीनों ने आज वसंत पंचमी को सार्थक कर दिया । तीनों ने ही कुछ शेर तो बिल्‍कुल ही उस्‍तादाना अंदाज़ में निकाले हैं । किस किस शेर को क्‍या क्‍या कहूं । बस कंठ रुंध रहा है और उंगलियां कांप रही हैं । सुनें और खूब सुनें इन सबको और आनंद लें दाद दें । हम मिलते हैं अगले अंक में विशेष आमंत्रित खंड में ।

परिवार