तरही मुशायरा नये साल की एक बेहतरीन शुरूआत रही है । और जैसा कि हर सप्ताह किया जा रहा है । इस बार भी वही कि सप्ताह का पहला अंक नयी प्रविष्टियों का, दूसरा अंक पाठशाला के छात्रों का और तीसरा शनिवारीय अंक विशेष आमंत्रित खंड के रूप में । इस प्रकार सप्ताह में छ: प्रविष्टियां हो जाएंगीं । हो सकता है कि पाठशाला के विद्यार्थियों वाले खंड में तीन प्रविष्टियां लेनी पड़ें । क्योंकि अभी भी काफी नाम बाकी हैं और इच्छा ये है कि जनवरी में ही समापन हो जाये मुशायरे का । ताकि अगले माह से होली की तैयारियां प्रारंभ की जा सकें । बीस जनवरी को वसंत पंचमी है । ज्ञान की देवी सरस्वती का प्राकट्य दिवस है वो । उस दिन शिवना प्रकाशन विशेष आयोजन करता है । हो सकता है उस दिन परसों यहां भी कुछ विशेष हो ।
रविवार को सुबह कुछ कवि मित्रों का सीहोर आगमन हुआ । डॉ. कुमार विश्वास, श्री शशिकांत यादव और कुलदीप दुबे सीहोर पहुंचे । डॉ. कुमार विश्वास से कविता को लेकर कई सारी बातें हुईं । विस्तृत विवरण समाचारों वाले ब्लाग तथा शिवना प्रकाशन के ब्लाग पर पढ़ने को मिल जायेगा । यहां तो कुवल कुछ चित्र, वो भी इसलिये कि आज के दोनों ही शायरों के चित्र उपलब्ध नहीं हैं ।
चलिये अब प्रारंभ करते हैं आज का तरही मुशायरा । आज की जुगलबंदी में दोनों ही शायर हमारे लिये नये हैं हालंकि शायरी के मान से देखें तो दोनों ही काफी स्थापित शायर हैं । परिचय भी दोनों का कुछ विशेष उपलब्ध नहीं है और ना ही चित्र । किन्तु वही बात है ना कि कवि की सबसे बड़ी पहचान तो उसकी कविता ही होती है । जब कविता स्वयं ही परिचय हो तो किसी और परिचय की ज़ुरूरत ही क्या है । चलिये तो आज सुनते हैं श्री मुस्तफा माहिर पंतनगरी को और मोहतरमा इस्मत ज़ैदी शेफ़ा जी को । चित्रों की समस्या को इनके ही शेरों से संबंधित चित्र लगा कर पूरा किया है
मुस्तफा माहिर पंतनगरी
शायद आप मुझे नहीं पहचानते हों किन्तु मैं अंकित सफर का न केवल बचपन का मित्र हूं बल्कि शायर बंधु भी हूं । अंकित हमेशा आपके बारे में बात करता है । उसीने मुझे नये साल का मिसरा दिया जिस पर ये ग़ज़ल लिख कर आपको भेज रहा हूं ।
न उस पार पहुंचे न इस पार आए
बहुत से सफीने समंदर ने खाए
मिली सच की तालीम बचपन से मुझको
कोई किस तरह मेरी नीवें हिलाए
हंसी दर्द में लाज़मी तो है लेकिन
ये तहज़ीब भी आते आते ही आए
मुहब्बत के हर ज़ख़्म में जिंदगी है
दवा मिल सके ना कभी मौत आए
सफ़र के अंधेरे में कुछ लोग थे जो
मुझे रोशनी की तरह याद आए
हंसी दर्द में लाज़मी तो है लेकिन ये तहज़ीब भी आते आते ही आए । मुस्तफा भाई बहुत ऊंची बात कह गये हो इस शेर में । वाह वाह । मुझे रोशनी की तरह याद आए । कमाल के शेर निकाले हैं । बहुत ही उम्दा तरीके से बड़े ही सलीके से शेर बनाये हैं । मानो किसी ने रूमाल पर बूटे काढ़े हों । मज़ा आ गया ।
इस्मत ज़ैदी 'शेफ़ा'
मैं इस्मत ज़ैदी हूँ ,'शेफ़ा' मेरा तख़ल्लुस है,मेरा कोई ख़ास ता'आरुफ़ नहीं है अभी शाएरी और ज़बान ओ बयान की दर्सगाह में दाख़िल होने की कोशिश कर रही हूँ .एक ग़ज़ल हाज़िर ए ख़िदमत है अगर पसंद आए तो हौसला अफज़ाई होगी . मैं ८ सालों से गोवा में मुक़ीम हूँ ,लेकिन मेरा आबाई वतन कजगांव (जौनपुर) है .
ग़ज़ल
कदूरत का गहरा अँधेरा मिटाए
कोई तो चिराग़े मोहब्बत जलाये
पहेली सुलझती नहीं ज़िन्दगी की
रुला कर हंसाये, हंसा कर रुलाये
वो नन्हे लबों पर अधूरा तबस्सुम
मेरे दिल की दुनिया में हलचल मचाये
जो अगयार हैं उन से कैसी शिकायत?
जब अपने ही भाई हुए हों पराये
हरासाँ हैं इंसानियत के वो दुश्मन
" न जाने नया साल क्या गुल खिलाये "
वो किलकारियां ले गया इक धमाका
तड़पती है माँ किसको झूला झुलाए
वतन से बहुत दूर बेचैन दिल को
'शेफ़ा' यादे माज़ी सुकूँ बख्श जाए
मतले में ही क्या खूब कामना की है । आज जो सबसे बड़ी ज़ुरूरत है कि कोई चिराग़े मोहब्बत जलाए और कदूरत का तम मिटा दे । और मकता भी बहुत सुंदर है । पूरी की पूरी ग़ज़ल ही ताज़गी से भरी है । रुला कर हंसाए हंसा कर रुलाए या तड़पती है मां किसको झूला झुलाए । बहुत ही सुंदर ग़ज़ल है । और जब अगले अंक में पाठशाला के विद्यार्थियों की बारी आनी है तो उसके पहले ये एक सबक की तरह है कि शेर कैसे निकाले जाते हैं ।
आनंद लीजिये दोनों मुकम्मल शायरों की खूबसूरत ग़ज़लों का और आनंद लेते रहिये दाद देते रहिये । अगले अंक में हम मिलते हैं सरस्वती पूजन के लिये क्योंकि अगला अंक होगा वसंत पंचमी का अंक जिसमें होंगें पाठशाला के शायर अपने तेवरों के साथ ।