शनिवार, 16 जनवरी 2010

करूं काम तो मन बहुत गीत गाए, गया वक्‍त जाकर न फिर लौट पाए । तरही मुशायरे के विशेष आमंत्रित खंड में आज दो अग्रजाओं लावण्‍य दीदी साहब और शार्दूला दीदी को सुनें ।

आज तरही में विशेष आमंत्रित रचनाओं को सुनने का दिन है । पिछले शनिवार को हमने आज के दिन गीत और ग़ज़ल की जुगलबंदी सुनी थी । राकेश जी और प्राण साहब ने मिल कर समां बांध दिया था । आज भी एक जुगल बंदी है । आज की जुगल बंदी दो अग्रजाओं की है । इनमें भी शार्दूला दीदी से तो कविता बाकायदा कानूनी नोटिस भेज कर प्राप्‍त की गई है । लावण्‍य दीदी साहब  ने कानूनी नोटिस भेजने का अवसर नहीं दिया । केवल निवेदन पर ही उनकी कविता प्राप्‍त हो गई । तरही का पिछला अंक बहुत ही जबरदस्‍त अंक था । रविकांत और दिगम्‍बर दोनों ने ही धमाकेदार प्रस्‍तुति दी । दिगम्‍बर ने जिस प्रकार से शेर निकाले उससे मैं हतप्रभ हूं । ऐसा लग रहा था मानो अपनी भावनाओं का एक एक क़तरा निचोड़ कर शेरों में भर दिया है । शार्दूला दीदी और लावण्‍य दीदी साहब का परिचय देने की धृष्‍टता नहीं कर सकता । सुनिये दोनों अग्रजाओं  को और आनंद में डूबिये ।

शार्दूला दीदी का नाम परी और पंखुरी ने चॉकलेट वाली सिंगापुर बुआ रखा है । सही नाम रखा है क्‍योंक‍ि जितनी सुरीली आवाज़ शार्दूला दीदी की है उससे मुझे लगता है कि ये दिन भर चॉकलेट खाती रहती हैं । अपना ब्‍लाग नहीं बनाने पर अड़ी हैं और मेरा समर्थन उनके इस निर्णय को है । इन्‍होंने मेरी कहानी तमाशा को बहुत सुंदर तरीके से रिकार्ड करके भेजा है जो ब्‍लाग के साइड बार में विजेट पर उपलब्‍ध है कृपया उसे ज़रूर सुनें ।

shardula didiशार्दुला दीदी

करूँ काम तो मन बहुत गीत गाए
लिखूँ बैठने कुछ लिखा ही न जाए
ग़ज़ल बन गई एक सहमी चिरैया
उड़ाऊँ उड़े ना, बुलाऊँ न आए
समय एक माली, कि मैं फूल सूखा
न जाने नया साल क्या गुल खिलाए

ग़ज़ल पर दाद देने के साथ एक आपत्ति लगा रहा हूं आप सब मेरा साथ दें । आपत्ति ये कि मतला और दो शेर बस । सुनने वालों पर ये इमोशनल अत्‍याचार करना ठीक नहीं है । इतने सुंदर शेर निकाले और इतने कम निकाले । गौतम के ब्‍लाग से बाकायदा चुराई गई आपकी इस तस्‍वीर का होली के मुशायरे में जो कार्टून बनाया जायेगा उसके लिये अब आप स्‍वयं जिम्‍मेदार होंगीं ।( इसे धमकी समझा जा सकता है ) । और अब दाद, उफ क्‍या शेर निकाले हैं मतला तो ऐसा लगता है कि मेरे मन की ही बात लिख दी है । और ग़ज़ल को चिरैया बना कर क्‍या प्रतीक लिया है । वाह वाह वाह ।

lavnya didi sahabलावण्‍य दीदी साहब

दीदी साहब के बारे में क्‍या कहूं ऐसा लगता है मानो नेह की एक गागर लिये निकलती हैं और सबके ब्‍लागों पर अपने आशीष के रूप में छलकाते हुए निकल जाती हैं । जब भी वे ब्‍लाग पर आती हैं तो ऐसा लगता है मानो हज़ारों हज़ार ज्‍योति कलश ब्‍लाग पर छलक गये हैं । पूरा ब्‍लाग जगमगा उठता है । उनकी कविताओं के बारे में कुछ कहना अर्थात अपने ही शब्‍दकोश के अकिंचन होने की बात सार्वजनिक करना है जो मैं नहीं करना चाहता । पहले उनके शुभकामना संदेश और फिर तरही पर लिखा उनका विशेष गीत ।

आयी किरण धरा पर, लेकर शुभ सन्देश
तन, मन धन अर्पन कर,पाओ सुफल विशेष .
हो मंगलमय प्रभात पृथ्वी पर मिटे कलह का कटु उन्माद ,
वसुंधरा हो हरी - भरी , नित, चमके खुशहाली का प्रात !
 

मंगल कामना : वर्ष २० १० के लिए

गया वक्त जाकर न  फिर लौट पाए

न जाने नया साल क्या गुल खिलाये

समय की नदी में कहीं खो गये हैं

जो दामन छुड़ाकर के, गुम हो गये हैं,

पुकारो, पुकारो, उन्हें भी पुकारो

कोई बीते लम्हों को कैसे बुलाये ?

गया वक्त जाकर न  फिर लौट पाए

न जाने नया साल क्या गुल खिलाये ?

चिता पर शहीदों की आंसू बहे हैं

चिता संग माताओं के दिल जले हैं

जला " ताज " या उनका गुलशन था उजड़ा

धुंआ बन के जो नभ में जाकर समाए 

गया वक्त जाकर न  फिर लौट पाए

न जाने नया साल क्या गुल खिलाये ?

कहीं रंजो गम हैं, कहीं है मुसीबत,

वो बच्चों का रोना, वो बदहाल, हालत,

ए मालिक, रहम के जो कतरे मिलें तो,

ये दुनिया उजड़कर, संवर फिर से जाए,

गया वक्त जाकर न  फिर लौट पाए

न जाने नया साल क्या गुल खिलाये ?

[-- ताज महल होटल के हर शहीद  के परिवार को मेरी विनम्र अंजलि

इस आशा के साथ कि, आनेवाले साल में कोइ बुरा हादसा न हो ...]

ए मालिक, रहम के जो कतरे मिलें तो, ये दुनिया उजड़कर, संवर फिर से जाए, मुझे लगता है कि ये पंक्तियां बिल्‍कुल ह्रदय से निकली पंक्तियां हैं । मौन होकर सुनने के अलावा कुछ नहीं किया जा सकता है । श्रोता पर जादू करते हुए गुज़रती हैं ये कविता । ऐसा लगता है मानो समय भी स्‍तब्‍ध होकर कविता को सुन रहा है  । प्रणाम प्रणाम प्रणाम । मुझे आज्ञा दीजिये और आप आनंद लीजिये दोनों अग्रजाओं की कविताओं का ।

परिवार