मंगलवार, 12 जनवरी 2010

मुहब्बत मुहब्बत मुहब्बत मुहब्बत, ये क्या कर दिया उसने बैठे बिठाये नये साल का तरही मुशायरा । आज सुनिये निर्मल सिद्धु और शाहिद मिर्जा को तरही मुशायरे में ।

पहले सोचा था कि एक बार की पोस्‍ट में केवल दो ही शायरों को लगाया जायेगा किन्‍तु जिस प्रकार से तरही के लिये ग़ज़लें प्राप्‍त हुई हैं उसके कारण लगता है कि यदि जनवरी में समापन करना है तो इस निर्णय को बदलना होगा या फिर एक सप्‍ताह में तीन पोस्‍ट लगानी होंगीं ।  सप्‍ताह  की पहली दो पोस्‍ट होगी तरही की तथा तीसरी पोस्‍ट होगी तरही के लिये विशेष आमंत्रित सम्‍माननीय जनों की रचनाएं जिसमें आपने पिछली बार आदरणीय राकेश जी तथा प्राण जी की रचनाएं पढ़ीं । इन स्‍थापित रचनाकारों के लिये हमने तरही के कोई बंधन नहीं रखे हैं हमें तो बस इनका आशिर्वाद चाहिये वो चाहे जिस स्‍वरूप में मिले । गीत हो ग़ज़ल हो छंदमुक्‍त कविता हो या और कुछ भी हो । उसमें भी तरही के मिसरे की बाध्‍यता भी नहीं है ।

न जाने नया साल क्‍या गुल खिलाए

Champagne-Ice-Bucket-Funny-Animation-01

आज के तरही में दो शायर आ रहे हैं और दोनों ही तरही में पहली बार आ रहे हैं । दोनों के बारे में जानने पर ज्ञात हुआ कि दोनों ही बहुत अच्‍छे शायर हैं तथा नये तेवरों के साथ ग़ज़लें लिखते हैं ।  निर्मल सिद्धु और शाहिद मिर्जा को सुनिये और आनंद लीजिये ।

nirmal sidhu

निर्मल सिद्धु 

सक्रिय ब्‍लागर हैं हिन्‍दी राइटर्स गिल्‍ड के नाम से अपना ब्‍लाग चलाते हैं जहां पर अपनी काफी अच्‍छी ग़ज़लों तथा गीतों का नियमित प्रकाशन करते हैं ।तरही में पहली बार आ रहे हैं अत: स्‍वागत करें इनका ।

न जाने नया साल क्या गुल खिलाये

बना दे किसे और किसको मिटाये

समय की ये आदत पुरानी जो ठहरी

मुहब्बत में हरदम जुदाई दिखाये

कोई साथ इसके चले ना चले पर

ये सबको लिये जा रहा है भगाये

बड़े शौक़ से हम सजाते हैं सपने

घनी आँधी पल में उड़ा के ले जाये

नये साल आते यूं हरदम रहेंगे

कोई चाहे कितना ही इनको दबाये

असर आज का कल पे पड़ता ज़रूरी

नया भी पुराने के अंदर से आये

नया नाम निर्मल का महफ़िल में आया

ये क्या कर दिया उसने बैठे बिठाये

वाह क्‍या शेर निकाले हैं निर्मल जी ने और बिल्‍कुल आनंद भर दिया मकते के अनुरूप ही न जाने क्‍या कर दिया है बैठे बिठाये । समय की ये आदत पुरानी जो ठहरी जैसे शेर निकाले हैं निर्मल जी ने और तरही में आते ही धमाकेदार इन्‍ट्री ली है ।

shahid mirja

शाहिद मिर्जा

सक्रिय ब्‍लागर हैं तथा जज्‍़बात के नाम से अपना ब्‍लाग चलाते हैं  जहां पर ग़ज़लों को प्रकाशित करते हैं । तरही में पहली बार आ रहे हैं ।

नए साल हर दिन हों रहमत के साए

हर इक लम्हा खुशियों का पैगाम लाए

बुलंदी के आकाश पर जाके छाए

ये 'सोने की चिड़िया' मधुर गीत गाए

न बदले कभी ये बहारों का मौसम

महकता चमन ये महकता ही जाए

दिलों से दिलों तक सदाओं की खातिर

कोई तो हो, जो एक खिड़की बनाए

मुहब्बत मुहब्बत मुहब्बत मुहब्बत

ये आवाज़ हर दिल की धड़कन से आए

ज़रूरत हों पूरी हर इक, हर बशर की

तमन्ना अधूरी कोई रह न पाए

उमीदों के गुलशन की शाखों पे शाहिद

'न जाने नया साल क्या गुल खिलाए'

मुहब्‍बत भाई चारे और वतनपरस्‍ती से भरी ऐसी ग़ज़ल के लिये क्‍या कहूं । किसी भी एक शेर की तारीफ करके किसी दूसरे शेर को कम कैसे कह दूं । और मेरे विचार से तरही की एक श्रेष्‍ठ गिरह भी बंध चुकी है । फिर भी मुझे लगता है कि बुलंदी के आकाश पर जाके छाए ये शेर जिस प्रकार वतनपरस्‍ती और देशभक्ति के जज्‍बे से भरा है उस शेर के लिये खड़े होकर तालियां बजाना ज़ुरूरी है आप भी मेरे साथ खड़े होकर तालियां बजाएं । मुहब्बत मुहब्बत मुहब्बत मुहब्बत ये प्रयोग भी इस बहर में खूब किया जाता है तरही में इन्‍होनें पहली बार किया है ।

पिछली बार के पोस्‍ट पर शाहिद मिर्जा जी ने एक प्रश्‍न उठाया है चूंकि गीत का प्रश्‍न है इसलिये मैं चाहूंगा कि रवि इस प्रश्‍न का उत्‍तर दे ।

सूचना : तरही के लिये लिस्टिंग पूर्ण हो चुकी है अत: अब कोई नयी ग़ज़ल नहीं भेजें । जो पूर्व में भेज चुके हैं तथा यदि वे अपनी ग़ज़ल में कुछ संशोधन करना चाहते हैं तो कर सकते हैं । चलिये मुझे आज्ञा दीजिये और आनंद लीजिये इन दोनों शानदार ग़ज़लों का । दाद देते रहिये । ग़ज़ल के सफ़र पर इस सप्‍ताह ग़ज़ल की विधिवत कक्षा प्रारंभ हो जाएगी ।

परिवार