बहरे मुतकारिब, नये सीखने वालों को उस्ताद अक्सर एक ही बात कहते हैं जाओ मुहब्बत की झूठी कहानी पे रोये इस गीत को सुनो और इस की धुन पर कोई ग़ज़ल लिख कर लाओ । दरअसल में ये गीत नये सीखने वालों के लिये कखग सीखने जैसा है । इसमें रुक्न बहुत सीधे सीधे टूटे हुए हैं । न सोचा, न समझा, न देखा, न भाला । खबर क्या, थी होंठों, को सीना, पड़ेगा । मुहब्बत, की झूठी, कहानी, पे रोये । इस बहर का मुझ पर एक एहसान ये है कि इसी बहर पर लिखे गये देश के एक शीर्ष कवि के एक गीत को बचपन में मैंने पढ़ा और कवि बन गया । गीत की जानकारी फिर कभी दूंगा । इस बार का तरही मुशायरा प्रारंभ होते ही रंग में आ गया है । पहले डॉ आज़म साहब की शुरूआत और फिर उसके बाद में पिछले अंक में प्रकाश पाखी जी और पंकज जी की शानदार ग़जलों ने समां बांध दिया । मंच संचालके के सामने कई बार ये परेशानी आती है कि अब जब मंच इतनी ऊंचाई पर पहुंच गया है तो अब किसको उतारा जाये । तो ऐसे में कई बार घबरा कर वो अपने तुरुप के पत्ते ही चल देता है । जैसा आज मैं कर रहा हूं ।
न जाने नया साल क्या गुल खिलाए
आदरणीय प्राण शर्मा जी और आदरणीय राकेश खंडेलवाल जी ये दोनों ही ऐसी शख्सियतें हैं जिनका परिचय देने का प्रयास जो भी करेगा उससे बड़ा मूर्ख कोई हो ही नहीं सकता । उसके पीछे भी दो कारण हैं पहला तो ये कि ये दोनों ही नाम किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं । और दूसरा ये कि यदि फिर भी कोई इनका परिचय देने का प्रयास करता है तो परिचय के लिये शब्द लायेगा कहां से । एवरेस्ट की ऊंचाई का परिचय नहीं होता, सागर की गहराई का कोई परिचय नहीं होता । बस इतना कहना चाहता हूं कि एक ग़ज़ल के बादशाह है तो दूसरे गीतों के सम्राट । अपने अपने क्षेत्र के चक्रवर्ती । सो नये साल में इन दोनों की जुगलबंदी से बेहतर कुछ नहीं हो सकता । सुनिये आपको भी लगेगा कि आप श्री गोपालदास नीरज और श्री निदा फाज़ली की जुगलबंदी सुन रहे हों । मैं बीच से हटता हूं आप आनंद लेते रहें ।
आदरणीय प्राण शर्मा जी की ग़ज़ल
रुलाये, हँसाए या खिल्ली उडाये
न जाने ,नया साल क्या गुल खिलाये
सभी को कुछ ऐसा ही जलवा दिखाए
खुशी से लबालब नया साल आये
सदा दोस्ती को ही क्यों कोसता है
ये बेहतर है, वो दोस्ती भूल जाए
कभी खूबियों से ह्रदय अपना भर लो
कि जैसे दियों से महल जगमगाए
कि इतने भी अनजान से हम नहीं हैं
ये कह दो उसे ,वो हमे मत बनाये
अगर जीते हैं हम तो इसके लिए ही
भला ज़िन्दगी रास क्योंकर न आये
पतंगे उड़ाना सुहाता है मुझको
जरूरी नहीं के उसे भी सुहाए
भला क्यों न झूमे ह्रदय मस्तियों में
खुशी जब भी आती है डंका बजाये
किसी को दुखाऊँ ,नहीं मेरी फितरत
भले ही कोई " प्राण" मुझको दुखाये
आदरणीय राकेश खण्डेलवाल जी का गीत
चलो ढल रही आज इस सांझ से हम
कहें, आस के गीत अब गुनगुनाये
किरन इक नई चल पड़ी है डगर पर
छँटेंगे घिरे जो कुहासों के साये
चलो आज फिर आँख में स्वप्न आँजें
चलो कल्पना के कबूतर उड़ायें
ये अन्देशा पल भर भी पालें न मन में
न जाने नया साल क्या गुल खिलाये
वो परछाईयों को निगल हँस रही थी
गये वर्ष में धूप तम से मिली थी
उन्हें मालियों ने स्वयं तोड फ़ैंका
जो उम्मीद की चन्द कलियाँ खिली थीं
गईं सूख प्यासे अधर पर कराहें
जले नैन में चित्र अवशेष के ही
वही ले गया लूट कर पोटली को
था समझा हुआ जिसको अपना सनेही
चलो आज फिर बीज रोपें नय कुछ
नया एक विश्वास जो सींच जाये
करें कामना जो घटित हो चुका है
वो फिर से न कोई भी दुहराने पाये
चलो आज फिर आँख में स्वप्न आँजें
चलो कल्पना के कबूतर उड़ायें
ये अन्देशा पल भर भी पालें न मन में
न जाने नया साल क्या गुल खिलाये
चमकती हुई झालरों में उलझकर
भ्रमित दॄष्टि होकर रही रात-वासर
जो था भाव इक भाईचारे का कोमल
उसे पी के लिप्सा हँसी थी ठठाकर
अंगूठी मिली एक पल को जिसे बह
वही उंगली करती है व्यापार मन का
उसी की लगी बोलियां दिन दहाड़े
जो घुँघरू जरा पायलों मे था खनका
धरा की लहरती हुई ओढ़नी से
कोई बूटे तो कोई धागे चुराये
रुका है महज रात भर के लिये जो
वही इसको जागीर अपनी बताये
चलो आज फिर आँख में स्वप्न आँजें
चलो कल्पना के कबूतर उड़ायें
ये अन्देशा पल भर भी पालें न मन में
न जाने नया साल क्या गुल खिलाये
उफ़..................! क्या करें, ये तो स्तंभित कर देने वाला अनुभव है । जुबां पर ताला पड़ गया है । हाथों पर सन्निपात हो गया है । तालियां बजाने और वाह वाह करने के लिये उस टोने से बाहर आना पड़ेगा जो इस गीत और ग़ज़ल की जुगलबंदी ने मारा है । मैं कभी इलाहाबाद नहीं गया किन्तु मुझे लगता है कि वहां संगम पर जो दृष्य होता होगा आज यहां भी वही हो गया है । दो भिन्न प्रकार के काव्यों के ऐसा संगम । आप भी इस संगम में गोते लगाइये और यदि जुबां साथ दे और आपके पास शब्द हों तो वाह वाह करें । मैं भी कोशिश करता हूं आप तब तक आनंद लें ।