मकर संक्रांति, पोंगल और लोहड़ी की शुभकामनाऍं
तरही में इस बार काफी रचनाएं मिली हैं और सबसे अच्छी बात ये है कि इस बार सभी रचनाएं एक से बढ़कर एक हैं । प्रतियोगिता जैसी तो कोई बात नहीं है लेकिन ये तो तय है कि प्रतिस्पर्धा हमेशा ही गुणवत्ता को जन्म देती है । जब हम विद्वानों की सभा में होते हैं तो हमें एक एक वाक्य को कहने से पहले सोचना होता है । किन्तु जब हम साधारण सभा में होते हैं तो कुछ भी कहने से पहले सोचना नहीं होता है । खैर इस बार की तरही बहुत अच्छी हो रही है । कई सारे नये लोगों को रचनाएं मिली हैं । जैसा कि मैंने बताया कि हर सप्ताह तीन पोस्ट लगाए बिना काम नहीं होने वाला है । सो आज दो और शायरों को पढि़ये तरही में । आज पाठशाला के ही दिगम्बर नासवा और रविकांत पांडे की ग़ज़लें शामिल हैं । दोनों ही संवेदनशील कवि हैं । दिगम्बर की छंदमुक्त कविताओं का तथा रवि की छंदबद्ध कविताओं को मैं सबसे बड़ा प्रशंसक हूं । दोनों का ही परिचय देने की कोई आवश्यकता इसलिये नहीं है कि दोनों ही नाम सुपरिचित हैं । सीधे ही सुनते हैं दोनों को ।
न पनघट न झूले न पीपल के साए
शहर काँच पत्थर के किसने बनाए
मैं तन्हा बहुत ज़िंदगी के सफ़र में
न साथी न सपने न यादों के साए
वो ढाबे की रोटी वही दाल तड़का
कोई फिर सड़क के किनारे खिलाए
वो तख़्ती पे लिख कर पहाड़ों को रटना
नही भूल पाता कभी वो भुलाए
वो अम्मा की गोदी, वो बापू का कंधा
मेरा बचपना भी कभी लौट आए
मैं बरसों से सोया नही नींद गहरी
वही माँ की लोरी कोई गुनगुनाए
मेरे घर के आँगन में आया है मुन्ना
न दादी न नानी जो घुट्टी पिलाए
सुदामा हूँ मैं और सर्दी का मौसम
न जाने नया साल क्या गुल खिलाए
मैंने पूर्व में ही लिखा था कि मैं दिगम्बर की संवेदनशील कविताओं का प्रशंसक हूं । ये पूरी ग़ज़ल डाउन मेमोरी लेन है । पूरी गज़ल संवेदनाओं से भरी हुई है । एक एक शेर माज़ी से निकल के आ रहा है । वो तख्ती वे लिख कर पहाड़ों को रटना, उफ याद आ गया मुझे भी वो बचपन, सूख मेरी पट्टी चंदन की बट्टी । दिगम्बर अपनी ये संवेदनशीलता बचा कर रखना ये तुम्हारी कविताओं की सबसे बड़ी पूंजी है ।
कोई कैसे पहलू में दिल को बचाये
कयामत सी गुज़रे वो जब मुस्कुराये
हुई आज फ़िर उनकी यादों की बारिश
हरे खेत जख्मों के फ़िर लहलहाये
जो वादा था दोनों ही महफ़िल में आये
मैं सर को झुकाये वो खंजर उठाये
है बाहों का चकला निगाहों का बेलन
मुझे रोटियों की वो माफ़िक घुमाये
मैं हर दांव पर उसके हंसता रहा तो
सितमगर परीशां है कैसे सताये
खुदाया बगावत का अब हौसला दे
जमाने ने हम पर बहुत जुल्म ढाये
गया साल मुझको रुलाकर गया है
न जाने नया साल क्या गुल खिलाये
लहू में जो भर दे उफ़नता-सा लावा
नई पीढ़ी को कौन आल्हा सुनाये
है मुश्किल नहीं पार दरिया को करना
मैं कब से खड़ा हूं वो मुझको बुलाये
तड़पकर किसी रोज हम तुम मिले थे
नहीं भूलता है वो मंज़र भुलाये
चली छोड़कर काम सारे ही राधा
नदी-तीर कान्हा जो वंशी बजाये
वाह वाह मुन्नी के पप्पा आप तो उस्तादों की तरह लिखने लगे हो । देखा इसीको कहते हैं बेटी के शुभ क़दम घर में पड़ना । बना दिया न पापा को पूरा शायर । बहूरानी ने रोटियों की माफिक घुमा रखा है तो उसमें हम कुछ नहीं कर सकते क्योंकि उसका तो बहूरानी को लायसेंस मिला है बाकायदा बैंड बाजे के साथ ये लायसेंस मिला है । हुई आज फिर उनकी यादों की बारिश वाह क्या शेर निकाला है ।
एक बार फिर से आप सभीको मकर संक्रांति की शुभकामनाएं । तिल गुड़ खाएं, पूरन पोली खाएं, पतंगें उड़ाएं, गिल्ली डंडा खेलें, सूर्य नमस्कार करें और स्वागत करें उत्तरायण होते सूर्य का ।