सोमवार, 30 मार्च 2009

मैं ठीक ठाक हूं । बस ये कि कम्‍प्‍यूटर कक्षाओं का सीजन शुरू हो रहा है सो कुछ व्‍यस्‍तता है वहां पर

दो दिन से धड़ा धड़ मैसेज और फोन आ रहे हैं कि कहां हो । दरअस्‍ल में इस बार कुछ लम्‍बी चुपपी हो गई है । उसके पीछे भी कारण ये है कि कम्‍प्‍यूटर कक्षाओं का सीजन अपैल में प्रारंभ होता है जो कि अब शुरू होने वाला है सो उसकी तैयारियों में व्‍यस्‍त था । उस पर काफी सारा काम इस्‍लाह के लिये रखा हुआ था सो पिछले सप्‍ताह भर से उसको पूरा करने में लगा था । इस्‍लाह के अपने तरीके के कारण मुझे समय जियादह लगता है । दरअस्‍ल में जब मैं सिखाड़ी था तो मैं भी इस्‍लाह  करवाता था और जब मेरे किसी शेर को आमूलचूल ही बदल दिया जाता था तो मुझे लगता था कि उसमें अब मेरा बचा ही क्‍या ये तो पूरा बच्‍चा उस्‍ताद  का ही हो गया । असल में जब भी कोई कवि कविता लिखता है तो वो एक मानसिक स्थिति में लिखता है । और उस समय में भाव ही उसकी कविता में आते हैं । जब उस्‍ताद उसकी इस्‍लाह करने बैठते हैं तो वे अपनी मनोदशा में होते हैं । और ऐसे में होता ये है कि वे पूरे शेर के मानी ही बदल के रख देते हैं । इसको हम ऐसे समझ सकते हैं कि आपको यदि किसी भवन के रिनोवेशन का काम मिला है तो आप उसके बीम कालम थोड़े ही उखाड़ के फिर से बिठओगे । आप को तो बस ये करना है कि जो ढा़चा तैयार है उसको ही कुछ इस प्रकार से बदलो के वो ठीक लगे । यही काम मैं इस्‍लाह में करता हूं इसीलिये मुझे समय अधिक लगता है । मैं प्रयास करता हूं कि शेरों में जो शब्‍द इस्‍तेमाल हुए हैं उनको भी नहीं बदलूं जब तक कि बहुत जियादह ही आवश्‍यक न हो । उन्‍हीं शब्‍दों से या उनके पर्यायवाची शब्‍दों से काम चला कर बहर में ले आऊं । नये सिरे से कुछ बनाना हो तो उसमें अधिक समय नहीं लगता किन्‍तु बने बनाये में सुधार करना मुश्किल होता है  । प्रयास होता है कि मैं लिखने वाले की भावनाओं के अनुरूप ही फेर बदल करूं । तिस पर ये भी कि बहर में भी आ जाये । एक और काम मैं करता हूं वो ये कि ऐसे दोष जो उर्दू में तो हैं पर हिंदी में जायज होते हैं उनको मैं इसलिये ले कर चलता हूं कि आज की ग़जलें हिंदी में ही हो रहीं हैं । जैसे एक काफिया का दोष है जिसे ईता का दोष कहा जाता है । दरअसल में काफिया में एक ध्‍वनि या हर्फ होता है जिसे हर्फे रवी कहते हैं, जब मतले के दोनों मिसरों में रवी का हर्फ एक ही मानी रखता हो तो ऐसे लफ्जों का लाना नाजायज माना जाता है । यद्यपि हिंदी के हिसाब से उसे सही माना जाता है । हिंदी में उसे दोष नहीं माना जाता है । अक्‍सर मात्राओं वाले काफिये में इस दोष को अधिक संभाव्‍य माना जाता है ।

पिछले दिनों कुछ जगहों पर कुछ शेरों में काफी दोष नजर आये । जैसे ये

उठें‍गी चिलमनें अब हम यहां देखेंगें किस किस की
चलें खोलें किवाड़ें दब न जाये कोई भी सिसकी

ये गौतम की उस ग़ज़ल का मतला है जो कहीं लगी हुई है । अब इसका मिसरा उला उस एब से भीषण तरीके से ग्रस्‍त है जिसकी चर्चा हमने पिछले किसी अंक में की थी और मैंने कहा था कि जब कोई मिसरा द्विअर्थी ध्‍वनि उत्‍पन्‍न कर रहा हो तो उसे दोष माना जाता है इस शेर का पहला मिसरा पूरी तरह से द्विअर्थी है बल्कि जैसा मैंने गौतम से कहा कि ये तो द्विअर्थी भी नहीं एक ही अर्थ वाला है । विश्‍लेषण नहीं करना चाहता क्‍योंकि आप सब समझदार हैं ।

दिगम्‍बर नासवा जी का एक शेर था

सो गया फिर चैन से जब लौट कर आया यहाँ  

गाँव की मिट्टी बदल कर माँ का आँचल हो गया

इसमें दोष ये हैं कि बात मिट्टी की बात कर रहे हैं जो पुल्लिंग नहीं होती और आगे  उसके लिये हो गया लिखा है । आप भले सोच रहे हैं कि आपने हो गया तो मां के आंचल के लिये लिखा है किन्‍तु विन्‍यास को देखें तो क्‍या है मां का आंचल केवल उपमा है किन्‍तु जो हो गया है आपने लिखा है वो गांव की मिट्टी के लिये लिखा है । मिट्टी स्‍त्रील्रिग होती है दूसरा ये कि जो मिट्टी का प्रयोग किया है वो मां की गोद की उपमा के साथ चलेगा , आंचल के साथ नहीं ।

तो ये छोटी छोटी बातें हैं जो याद रखनी हैं ।

कई सारे लोग कह रहे हैं कि कक्षाएं पुन: प्रारंभ करने की । किन्‍तु जो लोग जुड़े हैं तथा जिनकी ग़ज़लें इस्‍लाह के लिये आ रही हैं वे जानते हैं कि कक्षाएं तो चल रही हैं ।

समीर लाल जी की पुस्‍तक बिखरे मोती प्रकाशित होकर आ गई है शीघ्र ही उसका विमोचन कार्यक्रम संभवत: कनाडा में होगा । उसके बारे में विस्‍तृत जानकारी अगली रपट में ।

तरही का मिसरा नहीं दिया सो दे देते हैं मेरी बड़ी बहन तथा म.प्र उर्दू आकदमी की सचिव सुप्रसिद्ध शायरा नुसरत मेहदी साहिबा की ग़ज़ल का मिसरा है

आज महफिल में कोई शम्‍अ फरोज़ां होगी

आज महफिल 2122 फाएलातुन म कु ई शम्‍ 1122 फएलातुन अ फ रो जां 1122 फएलातुन हो गी 22 फालुन बहरे रमल मुसमन मखबून मुसक्‍कन रदीफ होगी काफिया आं

परिवार