दीपावली की आप सभी को बहुत बहुत शुभकामनाएँ। बाकी सारे त्यौहार ‘होली’, ‘रक्षा बंधन’ जहाँ पूरे चाँद की जगमग रात में आते हैं, वहाँ यह एकमात्र ऐसा त्यौहार है जो घोर तमस में डूबी अमावस की रात में आता है, और रात में ही मनाया जाता है। कैसा विरोधाभास है कि सबसे गहन अंधकार में डूबी रात को ही कहा जाता है ‘प्रकाश पर्व’। और यह प्रकाश पर्व मनाया भी कैसे जाता है ? पूरा परिवार एक साथ एकत्र होकर उस अँधेरी रात को दीपकों के प्रकाश से रोशन करता है। चुनौती देता है अँधेरे को कि ‘‘हम एक साथ हैं, और एक साथ ही तेरे इस स्याह साम्राज्य से लड़ रहे हैं, लड़ रहे हैं अपने हाथों में प्रकाश के ध्वजवाहक दीपकों को लेकर।’’ बहुत गहरे में उतर कर अगर इसका अर्थ निकाला जाए, तो बात वही सामने आती है कि जीवन में हमेशा सूर्य के प्रकाश से भरे हुए दिन तथा चंद्रमा की शीतल चाँदनी से भरी हुई रातें नहीं होती, कभी-कभी अँधेरा भी होता है, घना और गहरा अँधेरा। जब अँधेरा घिर आए तो फिर सबको एक साथ खड़ा होना पड़ता है, फिर ये लड़ाई सबकी हो जाती है। दीपक वास्तव में प्रतीक होते हैं हमारे संकल्प के, वह संकल्प जो पूरा परिवार लेता है, और संकल्प यह होता है कि हम सारे सदस्य जो परिवार का हिस्सा हैं, अब हम में से कोई भी एक अलग इकाई नहीं है, यदि किसी एक पर अँधेरा गहरा रहा है, तो दीपक हम सब के हाथों में होगा, चुनौती हम सब की तरफ़ से प्रस्तुत की जाएगी। चूँकि सब को एक साथ होना है, इसलिए सब लौट आते थे, और आज भी लौट आते हैं वापस अपने घर, कि दीपावली आ गई है।

.gif)
"मिटाने अंधकार को हैं देखो दीप जल रहे".gif)
आइये आज दीपवली के तरही मुशायरे में सुनते हैं भभ्भड़ कवि भौंचक्के से उनकी एक बहुत-बहुत लम्बी ग़ज़ल।
भभ्भड़ कवि भौंचक्के
लबों के आस-पास बस ज़रा चहल-पहल रहे
वही तो वस्ल है कि जिसमें कुछ अदल-बदल रहे
बदन पे लम्स के निशान दिख के भी नहीं दिखें
ज़रा-ज़रा सुकून हो, ज़रा सा कुछ ख़लल रहे
कभी तो पूरे चाँद की कोई तो रात यूँ भी हो
किसी की साँस अपनी साँस के अगल-बगल रहे
तमाम रात ज़ुल्फ़ के निकालते रहे थे ख़म
वो सुब्ह जस की तस मिलीं सभी जतन विफल रहे
खुलें बदन की खिड़कियाँ कि जैसे बादबाँ कोई
हवाओं के हवाले रात भर हवा-महल रहे
अजीब इत्तफ़ाक़ था, अजीब कोई खेल था
धुआँ-धुआँ सी ख़्वाहिशों में जिस्म दो तरल रहे
ये जिस्म ज़लज़ले की ज़द में देर तक रहे यूँ ही
ये धड़कनों का राग भी ज़रा उथल-पुथल रहे
गली के मोड़ की उदास खिड़कियों ने ये कहा
बहार अलविदा तुझे, जहाँ रहे कुशल रहे
जहाँ पे थम के मुड़ के देख कर चला गया कोई
वहीं पे बुत से हम सदा खड़े अचल अटल रहे
हरी-हरी सी चूड़ियों ने सब्ज़ कर रखा था सब
तुम्हारे बाद रंग सब सियाह में बदल रहे
सियासतों के खेल भी बड़े अजीब खेल हैं
जो कल तलक उछल रहे थे, आज हैं फिसल रहे
हमारे लोह के पुरुष, हमारे बादशाह को
ज़रा सी आँच क्या लगी वे मोम से पिघल रहे
दियासलाई की हज़ार तीलियाँ बिगाड़ के
वे मुल्क को जलाने में हैं अंतत: सफल रहे
गली हो स्याह रूह की, भरी पड़ी हों कालिखें
मगर सभी के देखने को पैरहन धवल रहे
कहो ज़रा ये तितलियाँ ख़मोशियों से अब उड़ें
तमाम शहर में ख़मोशियों का बस अमल रहे
नज़र वो आये ख़्वाब में यहाँ-वहाँ, जहाँ-तहाँ
नज़र मिली तो ये कहा- यूँ ही ज़रा टहल रहे
मियाँ गणित ये इश्क़ का दिमाग़ को लगे कठिन
अगर जो दिल से सोचिये तो एकदम सरल रहे
अगर हुआ है इश्क़ तो कहो कि 'हाँ हुआ हमें'
अगर नहीं हुआ है तो ये हाथ क्यों मसल रहे
उठीं जो पलकें नाज़ से तो दिल ने हँस के ये कहा
"मिटाने अंधकार को हैं देखो दीप जल रहे"
तथापि उसने जो कहा, उसे किया भी किन्तु बस
हैं वस्ल के ही वायदे न जाने कब से टल रहे
ऐ महफ़िलों, ऐ रौनकों, ऐ दोस्तों, है अलविदा
मिलेंगे हश्र में के अब सफ़र पे हम निकल रहे
उसी ने पहले मामला उठाया था ये और अब
वही ये कह रहा कि हम हैं वस्ल को मचल रहे
वो लौट कर फिर आ गया है शहर में न जाने क्यों
है ग़ालिबन लगा उसे कि हम हैं कुछ सँभल रहे
चले हो हाथ छोड़ कर मगर यही है इल्तिजा
तुम्हारे साथ-साथ ये 'सुबीर' की ग़ज़ल रहे
.gif)
एक बार फिर आप सभी को प्रकाश पर्व की बहुत बहुत मंगल कामनाएँ। इस बार दीपावली में जब बाज़ार जाएँ, तो इस बार देखें अपने आसपास कि क्या सुंदर परिकल्पना है इस त्यौहार की, कि समाज के हर वर्ग, हर प्रकार के व्यवसायी, हर प्रकार के श्रमिक, हर किसी के लिए यह त्यौहार कुछ न कुछ लाया है। यदि और ग़ौर से देखेंगे तो पाएँगे कि सड़क के किनारे बैठ कर खील-बताशे बेचने वाली बूढ़ी सुखिया देवी से लेकर, जगमगाती ज्वैलरी शॉप में बैठे स्वर्णकार तक, सब मिलकर एक प्रकाश स्तंभ को रच रहे हैं। इस प्रकाश स्तंभ में अलग-अलग स्तरों पर सब अपने-अपने दीपक लिए खड़े हैं। सब एक-दूसरे से जुड़े हैं, इस प्रकार कि उस जुड़ाव का जोड़ दिखाई ही नहीं देता। प्रकाश द्वारा लगाया गया जोड़ आत्मा के स्तर पर होता है, इसलिए वो दिख भी नहीं सकता। भारतीय संस्कृति द्वारा समाज के हर व्यक्ति के सहयोग से बनाए गए इस प्रकाश स्तंभ का नाम ही होता है दीपावली। दीपावली का समग्र अर्थ है परिजन, नातेदार, रिश्तेदार, परिचित, मित्र, पड़ोसी.. वे सब जिनसे मिलकर हम ‘मैं’ से ‘हम’ हो जाते हैं। प्रकाश का अर्थ ही है ‘मैं’ से ‘हम’ की ओर बढ़ना। दीपावली हमारे जीवन में आकर हमें ‘मैं’ से ‘हम’ हो जाने का ही पाठ पढ़ाती है। आइए इस दीपावली को ‘मैं’ से ‘हम’ और ‘हम’ से ‘हम सब’ की ओर बढ़ें... बढ़ते रहें... बढ़ते ही रहें।
